IND vs PAK Asian Games 2026 Cricket Final: भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से रौंदकर जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 के रोमांचक फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को चटाई धूल; अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तूफानी फिफ्टी से भारत ने रचा इतिहास।
खेल डेस्क (भदैनी मिरर): एशियन गेम्स 2026 के महामुकाबले में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए इतिहास रच दिया है। शनिवार को जापान के निशिन सिटी स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल मैच में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से धूल चटाकर गोल्ड मेडल (Gold Medal) अपने नाम कर लिया। भारत के 212 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 192 रन ही बना सकी।

अभिषेक और तिलक की तूफानी फिफ्टी से भारत का रिकॉर्ड स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी (15 रन) और संजू सैमसन (2 रन) के जल्दी आउट होने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश कर दी। अभिषेक ने महज 28 गेंदों में 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 61 रनों की तूफानी पारी खेली।
मध्यक्रम में ईशान किशन (20 रन) और श्रेयस अय्यर (21 रन) के आउट होने के बाद उपकप्तान तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने आक्रामक रुख अपनाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए महज 30 गेंदों में 62 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की। तिलक वर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 51 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रनों का अहम योगदान दिया। भारत ने आखिरी 4 ओवरों में रिकॉर्ड 69 रन बटोरे।
भारतीय गेंदबाजों के आगे थमी पाकिस्तान की रफ्तार
212 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत सधी हुई रही। कप्तान साहिबजादा फरहान (10 रन) और माज सदाकत (23 रन) ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। हालांकि, चौथे ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने फरहान को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके तुरंत बाद अक्षर पटेल ने अपने कातिलाना स्पेल में उस्मान खान (3 रन) और सेट बल्लेबाज माज सदाकत को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान का स्कोर 39/3 कर दिया।
इसके बाद हसन नवाज और सईम अयूब (29 रन) ने चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी कर वापसी की कोशिश की, लेकिन 15वें ओवर में शिवम दुबे ने सईम अयूब को आउट कर ब्रेकथ्रू दिलाया। 18वें ओवर में सुंदर ने अब्दुल समद (9 रन) को चलता कर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंततः पाकिस्तान 20 ओवर में 192 रन ही बना सका और भारत ने 19 रनों से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
