Movie prime
PMC_Hospital

2035 तक का ग्लोबल क्रिकेट कैलेंडर जारी; भारत को मिली 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी

इंडोनेशिया के बाली में हुई आईसीसी बैठक में लगी मुहर; घरेलू मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब बचाने उतरेगी टीम इंडिया, देखें 2028 से 2035 तक का पूरा शेड्यूल

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

डिजिटल डेस्क, स्पोर्ट्स: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वैश्विक क्रिकेट के भविष्य को लेकर एक बड़ा कदम उठाते हुए साल 2035 तक के ग्लोबल क्रिकेट कैलेंडर पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी की अहम बैठक में इस दीर्घकालिक शेड्यूल को अंतिम मंजूरी दी गई। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि भारत को 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की एकल मेजबानी और 2031 पुरुष वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी (बांग्लादेश के साथ) सौंपी गई है। इस कैलेंडर में टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल मुकाबले शामिल हैं।

Ad
Ad

घरेलू दर्शकों के सामने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब बचाने उतरेगी टीम इंडिया

आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का अगला संस्करण 9 से 28 अक्टूबर 2029 तक भारत की मेजबानी में खेला जाएगा। गौरतलब है कि साल 2006 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। चूंकि भारत चैंपियंस ट्रॉफी का मौजूदा विजेता है, ऐसे में टीम इंडिया के पास अपने घरेलू मैदानों और दर्शकों के सामने अपना खिताब बरकरार रखने का सुनहरा अवसर होगा। इसके बाद 2033 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के मेजबान की घोषणा अभी बाकी है।

2031 में भारतीय उपमहाद्वीप में लौटेगा वनडे विश्व कप

अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के बाद, यह महाकुंभ 2031 में फिर से भारतीय उपमहाद्वीप में लौटेगा। भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से 9 अक्टूबर से 23 नवंबर 2031 तक पुरुष वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इससे पहले 2023 में भारत ने अकेले विश्व कप की मेजबानी की थी, जहां भारतीय टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी।

टी20 विश्व कप और WTC फाइनल का गणित

  • टी20 विश्व कप: 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे, जबकि 2030 में यह टूर्नामेंट इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में खेला जाएगा। 2032 और 2034 के मेजबानों का ऐलान बाद में होगा।

  • WTC फाइनल: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अगले दो फाइनल (2029 और 2031) जून के महीने में इंग्लैंड में ही आयोजित किए जाएंगे।

​​​​​​​

2028 से 2035 तक ICC टूर्नामेंट्स का पूरा शेड्यूल

वर्ष टूर्नामेंट    मेजबान देश संभावित तारीख
2028 पुरुष टी20 विश्व कप    ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड 12 अक्टूबर – 12 नवंबर 2028
2029 WTC फाइनल     इंग्लैंड 8 – 12 जून 2029
2029 चैंपियंस ट्रॉफी     भारत 9 – 28 अक्टूबर 2029
2030 पुरुष टी20 विश्व कप

    इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड

   4 जुलाई – 4 अगस्त 2030
2031 WTC फाइनल     इंग्लैंड   12 – 16 जून 2031
2031 पुरुष वनडे विश्व कप   भारत, बांग्लादेश   9 अक्टूबर – 23 नवंबर 2031
2032 पुरुष टी20 विश्व कप     मेजबान तय नहीं

  14 अक्टूबर – 14 नवंबर 2032

2033 WTC फाइनल    मेजबान तय नहीं    9 – 13 जून 2033
2033 चैंपियंस ट्रॉफी    मेजबान तय नहीं    2 – 23 अक्टूबर 2033
2034 पुरुष टी20 विश्व कप   मेजबान तय नहीं

   6 जुलाई – 6 अगस्त 2034

2035 WTC फाइनल   मेजबान तय नहीं    7 – 11 जून 2035
2035 पुरुष वनडे विश्व कप    मेजबान तय नहीं

   2 अक्टूबर – 18 नवंबर 2035

बेहतर तैयारी में मिलेगी मदद: ICC सीईओ

इस घोषणा पर आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता ने कहा कि इन टूर्नामेंटों का कार्यक्रम वर्षों पहले तय हो जाने से सदस्य देशों और खिलाड़ियों को अपनी रणनीतियों, हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों और द्विपक्षीय सीरीज के कैलेंडर को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने में बड़ी मदद मिलेगी। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया वनडे विश्व कप चैंपियन है, दक्षिण अफ्रीका के पास WTC की गदा है, जबकि भारत मौजूदा टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी का चैंपियन है।