कुश्ती जगत में बड़ा खुलासा: विनेश फोगाट ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं— 'बृजभूषण ने मेरा भी किया था यौन उत्पीड़न, मैं उन 6 पीड़ितों में शामिल'
एशियन गेम्स ट्रायल्स पर विनेश ने उठाए सवाल, कहा— 'गोंडा में निष्पक्ष चयन मुमकिन नहीं, अब भी दबदबा कायम'
खेल डेस्क, भदैनी मिरर। भारतीय कुश्ती जगत से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिग्गज ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने पहली बार सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया है कि वह उन छह महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।


पहचान उजागर करने की बताई मजबूरी
रविवार (3 मई) को जारी एक भावुक वीडियो संदेश में विनेश फोगाट ने अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि अब तक वह अपनी पहचान गोपनीय रखना चाहती थीं क्योंकि मामला कोर्ट में लंबित है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश भी पीड़ितों की गोपनीयता की बात करते हैं। लेकिन, आगामी प्रतियोगिताओं में आ रही बाधाओं ने उन्हें अपनी पहचान उजागर करने पर मजबूर कर दिया है।

गोंडा में ट्रायल्स पर उठाए गंभीर सवाल
विनेश ने कुश्ती संघ की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 2026 एशियन गेम्स के ट्रायल्स जानबूझकर उत्तर प्रदेश के गोंडा में कराए जा रहे हैं, जो बृजभूषण सिंह का गढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निजी कॉलेज में होने वाली इस प्रतियोगिता में निष्पक्ष चयन की गुंजाइश न के बराबर है। विनेश के अनुसार, भले ही बृजभूषण अब आधिकारिक पद पर नहीं हैं, लेकिन रेफरी और अंक देने वाली पूरी प्रक्रिया पर उनके करीबियों का अब भी गहरा प्रभाव है।

इंसाफ और वापसी की चुनौती
करीब 18 महीने के लंबे अंतराल के बाद वापसी की तैयारी कर रही विनेश ने कहा, "मैं खुद उन पीड़ितों में से एक हूं जिनकी गवाही अभी चल रही है। ऐसे माहौल में गोंडा जाकर मुकाबला करना मेरे लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद कठिन है।" विनेश ने साफ तौर पर कहा कि डराने-धमकाने वाले माहौल में किसी भी खिलाड़ी के लिए अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करना संभव नहीं है।
पुराना है विवाद
बता दें कि यह पूरा विवाद साल 2023 में तब शुरू हुआ था जब विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया जैसे दिग्गज रेसलर्स ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था। उस समय पुलिस की कार्रवाई की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा हुई थी। फिलहाल बृजभूषण शरण सिंह ने सभी आरोपों को नकारा है, लेकिन यौन उत्पीड़न और पीछा करने जैसे आरोपों पर कानूनी सुनवाई अभी भी जारी है।
