Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी के आयुष्मान पाठक बने अंडर-14 टेनिस चैंपियनशिप के विजेता, काशी का नाम किया रोशन

पटना में आयोजित AITA चैंपियनशिप सीरीज के फाइनल में अयान रहमान को सीधे सेटों में दी मात; वाराणसी से यह खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। काशी के होनहार युवा टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शहर को गौरवान्वित किया है। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) चैंपियनशिप सीरीज में आयुष्मान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही आयुष्मान वाराणसी शहर से अंडर-14 चैंपियनशिप सीरीज जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

Ad


 

फाइनल में अयान रहमान को दी करारी शिकस्त

23 से 27 नवंबर 2026 तक पटना में आयोजित इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से आए दिग्गज युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिताबी मुकाबले में वाराणसी के आयुष्मान पाठक का सामना अयान रहमान से हुआ। पूरे मैच के दौरान आयुष्मान ने बेहतरीन कोर्ट कवरेज, सटीक सर्विस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया और सीधे सेटों में 7-4, 6-1 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

कोच बृज भूषण यादव के मार्गदर्शन में मिली सफलता

आयुष्मान इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय ख्यात न्यूरोलॉजिस्ट पिता अभिषेक पाठक और माता माधवी पाठक को देते है। इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच बृज भूषण यादव की कड़ी मेहनत और कुशल मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। जीत के बाद कोच बृज भूषण यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान बेहद अनुशासित खिलाड़ी हैं और यह जीत उनके निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष्मान की यह सफलता वाराणसी के अन्य उभरते टेनिस खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।


खेल जगत में खुशी की लहर


आयुष्मान के चैंपियन बनने की खबर मिलते ही वाराणसी के खेल प्रेमियों, स्थानीय टेनिस संघ के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी ने युवा खिलाड़ी और उनके कोच को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।