देव दीपावली पर मनोज तिवारी ने सुरों से बांधा समां, श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर गाया गीत
दशाश्वमेध घाट पर 21 बटुकों ने की महाआरती, 21 डमरुदलों की गूंज और 21 बेटियों ने ऋद्धि-सिद्धि के रूप में किया नेतृत्व
वाराणसी। आस्था के प्रकाश से आलोकित प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। भगवान शिव, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा को समर्पित महाआरती में सनातन संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। 21 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती की।


इस दौरान 21 डमरुदलों की गूंज और ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में 21 बेटियों के नेतृत्व ने आयोजन को विशेष बना दिया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे के संयोजन में आयोजित महोत्सव में वेदपाठी बटुकों के स्वस्तिवाचन के बीच सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन और स्तवन किया गया। इस दौरान 151 लीटर दूध से गंगा का अभिषेक कर निर्मलीकरण का संदेश दिया गया। गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की श्रृंगारिक प्रतिमा और भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रही।

महाआरती के बाद भोजपुरी गायक और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान वह मंच तक सीमित नहीं रहे, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर भी गीत गाया। उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को खासा उत्साहित किया। काशी के गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता का संकल्प दिलाया। आयोजन में प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित देश-विदेश से आए अतिथि और विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे। समिति के संरक्षक पं. कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, विजय गरोडिया, गणेशदत्त शास्त्री, संकठा प्रसाद और संजय यादव सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहे।
