Movie prime
PMC_Hospital

Annakoot: 21 क्विंटल मिठाइयों से सजा बाबा विश्वनाथ का दरबार, काशी विश्वनाथ धाम में भव्यता के साथ मनाया गया अन्नकूट पर्व

बूंदी और मेवा के लड्डुओं से हुआ बाबा विश्वेश्वर का अलौकिक श्रृंगार, रजत प्रतिमाओं की निकाली गई भव्य शोभायात्रा

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर)। दीपावली के उल्लास और भव्य उत्सव के बाद धर्मनगरी काशी में अन्नकूट पर्व पर अद्भुत आस्था और भक्ति का नजारा देखने को मिला। श्री काशी विश्वनाथ धाम में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर अन्नकूट महोत्सव का अत्यंत भव्य और श्रद्धामय आयोजन संपन्न हुआ। इस खास मौके पर बाबा विश्वनाथ का दरबार 21 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से सजाया गया, जिसके अलौकिक दर्शन कर देश-कोने से पहुंचे श्रद्धालु अभिभूत नजर आए।

Ad
Ad

Kashi Vishwanath

21 क्विंटल मिठाइयों से हुआ बाबा का भव्य श्रृंगार

श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंगलवार को भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव का श्रृंगार बूंदी के लड्डू, मेवे के लड्डू और अन्य पारंपरिक मिष्ठानों से किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्पों, दीपों और सुगंधित धूप से सजाया गया था। धाम का पूरा वातावरण 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर अपने परिवार के लिए सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

Kashi Vishwanath

पंचबदन रजत चल-प्रतिमा की निकली शोभायात्रा

अन्नकूट पर्व की परंपरा के तहत भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

  •  यह शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत परिवार के आवास से प्रारंभ हुई।
  • शहनाई की मधुर ध्वनि, डमरू की थाप और भक्तों के जयकारों के बीच यह यात्रा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची।
  • इसके बाद तीनों रजत प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ गर्भगृह में विराजमान कराया गया।

Kashi Vishwanath

मध्याह्न भोग आरती और प्रसाद वितरण 

गर्भगृह में भगवान विश्वनाथ की मध्याह्न भोग आरती अत्यंत विधि-विधान से संपन्न हुई। इस दौरान बाबा को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान और छप्पन भोग अर्पित किए गए। भोग आरती के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने इसे बाबा का आशीर्वाद मानकर अत्यंत श्रद्धा भाव से ग्रहण किया।

क्या है अन्नकूट पर्व का महत्व?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाने वाला अन्नकूट पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा की परंपरा से जुड़ा हुआ है। यह पर्व प्रकृति, अन्न और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का संदेश देता है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित इस महोत्सव ने न केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया, बल्कि सनातन समाज में एकता, सहयोग, दान और सामाजिक समरसता का दिव्य संदेश भी दिया है।