ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह 'राधे' नाम में रमीं अभिनेत्री एना जयसिंघानी, प्रेमानंद महाराज से ली दीक्षा
'देखा एक ख्वाब' फेम एना अब कहलाएंगी 'एना परी हरिवंशी', वृंदावन में लिया बसेरा
वृंदावन (भदैनी मिरर): अभिनय और ग्लैमर की दुनिया में नाम कमाने वाली अभिनेत्री एना जयसिंघानी ने अब माया नगरी की चकाचौंध को हमेशा के लिए त्याग दिया है। श्री राधा रानी की भक्ति में डूबीं एना अब साध्वी बन चुकी हैं और उन्होंने वृंदावन को ही अपना स्थाई ठिकाना बना लिया है। टीवी के मशहूर सीरियल ‘देखा एक ख्वाब’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली एना अब अभिनेत्री से साध्वी 'एना परी हरिवंशी' बन गई हैं। उन्होंने वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से दीक्षा प्राप्त की है।


सादा जीवन और प्याज-लहसुन का त्याग
अध्यात्म की राह पर बढ़ते हुए एना ने अपने जीवन में बड़े बदलाव किए हैं। अब वे सादे कपड़ों में रहती हैं, माथे पर चंदन लगाती हैं और उन्होंने प्याज-लहसुन का पूरी तरह त्याग कर दिया है। एना अब शुद्ध शाकाहारी जीवन जी रही हैं। उनके हाथों में अब हर समय जपमाला होती है और होठों पर केवल राधा नाम का वास रहता है।

इस्कॉन और भगवत गीता से बदली दिशा
एना के अनुसार, उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत इस्कॉन जाने वाले दोस्तों के जरिए हुई। दोस्तों की सलाह पर उन्होंने प्याज-लहसुन छोड़कर नाम जप शुरू किया और भगवत गीता की कक्षाएं सुनने लगीं। पुणे स्थित इस्कॉन मंदिर में सेवा के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि जीवन की पूर्णता के लिए एक गुरु का होना अनिवार्य है। करीब दो वर्ष की उलझन के बाद, अंततः उन्हें प्रेमानंद महाराज के रूप में गुरु की प्राप्ति हुई।

सपने में आए महाराज, फिर मिली दीक्षा
अपनी दीक्षा की कहानी साझा करते हुए एना ने बताया कि एक बार उनके सपने में प्रेमानंद महाराज आए थे, जिसके बाद वे उनके प्रवचनों से जुड़ गईं। वृंदावन आने के बाद उन्होंने आश्रम के नियमों का पालन किया, 10 महीने तक आध्यात्मिक पुस्तकों का अध्ययन किया और परीक्षा भी दी। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर महाराज ने उन्हें विधिवत नाम जप की दीक्षा प्रदान की।
ग्वालियर से मुंबई और फिर वृंदावन तक का सफर
ग्वालियर में जन्मी एना जयसिंघानी को बचपन से ही डांस और अभिनय का शौक था। एक्टिंग के सपने को पूरा करने के लिए वे पिता के साथ मुंबई आईं और बालाजी टेलीफिल्म्स से कोर्स किया। 'मिसेज कौशिक की पांच बहुएं' से अभिनय की शुरुआत करने वाली एना को 'देखा एक ख्वाब' से बड़ी लोकप्रियता मिली थी।
अब कोई और चाहत नहीं
साध्वी एना अब वृंदावन में किराए के फ्लैट में रहकर श्रीजी की सेवा करती हैं। वे माधवा ग्रुप के लिए सोशल मीडिया हैंडलर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रही हैं और बाकी समय भक्ति में व्यतीत करती हैं। एना का कहना है कि राधा रानी के चरणों में आने के बाद अब उनके मन में कोई और इच्छा शेष नहीं बची है।
