श्री काशी विश्वनाथ धाम में होगी चार पहर की आरती, दिन-रात मिलेगा बाबा के दर्शन
भोर में 2.15 की जाएगी मंगला आरती, 3.30 बजे से शुरू हो जाएँगे दर्शन
वाराणसी,भदैनी मिरर। काशीपुराधिपति श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन महाशिवरात्रि पर दिन-रात होंगे। महाशिवरात्रि पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के पट भोर में साढ़े तीन बजे खोल दिया जाएगा। इससे पहले 2.15 बजे बाबा की मंगला आरती होगी। सवा तीन बजे आरती समाप्त होने के बाद अगले 15 मिनट गर्भगृह की सफाई की जाएगी। मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि को पूरे दिन और पूरी रात बाबा का झांकी दर्शन भक्तों को सुलभ रहेगा। यह चारों पहर की आरती के दौरान भी जारी रहेगा। धाम में महाशिवरात्रि तैयारी जारी है। धाम को विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक तरीके से सजाने का कार्य शुरू हो गया है। अधिकारियों ने महाशिवरात्रि के लिए चल रही सजावट एवं अन्य प्रबंधों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।


1. मंगला आरती
- प्रातः 2:15 बजे पूजा आरम्भ होगी।
- प्रातः 3:15 बजे आरती समाप्त होगी।
- प्रातः 3:30 बजे मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खुलेगा।
2. मध्याह्न भोग आरती
- प्रातः 11:40 बजे पूजा आरम्भ होगी।
- मध्यान्ह् 12:20 बजे पूजा समाप्त होगी।
3. चारों प्रहर की आरती
- प्रथम प्रहर- रात्रि 9:30 बजे शंख बजेगा एवं पूजा की तैयारी होगी। इस दौरान झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा।
- रात्रि 10:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि 12:30 बजे समाप्त होगी।
- द्वितीय प्रहर- रात्रि 01:30 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि 02:30 बजे समाप्त होगी तथा झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा।
- तृतीय प्रहर- प्रातः 03:30 बजे से आरती प्रारम्भ होकर प्रातः 04:30 बजे समाप्त होगी तथा झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा।
- चतुर्थ प्रहर- प्रातः 05:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर प्रातः 06:15 बजे समाप्त होगी। इस दौरान झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा।
