West Bengal Exit Poll: 'खेला' अभी बाकी है! ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल्स को नकारा, कहा- 'TMC जीतेगी 226 से ज्यादा सीटें'
दीदी का दावा: ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल्स को बताया 'भाजपा की साजिश', पूर्ण बहुमत का भरोसा।
कोलकाता (भदैनी मिरर): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल्स ने राज्य की सियासत में उबाल ला दिया है। जहाँ अधिकतर सर्वे भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन आंकड़ों को सिरे से खारिज कर दिया है। ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) राज्य की 294 सीटों में से 226 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।


"भाजपा के निर्देश पर तैयार हुए एग्जिट पोल"
ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये सर्वे भाजपा के इशारे पर तैयार किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "टीएमसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मनोबल गिराने के लिए इस तरह के भ्रामक आंकड़े प्रसारित किए जा रहे हैं। जनता ने टीएमसी के पक्ष में मतदान किया है और नतीजे सब साफ कर देंगे।"

अमित शाह और केंद्रीय बलों पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि उनके निर्देश पर केंद्रीय सुरक्षा बलों ने चुनाव के दौरान भाजपा के एजेंट के रूप में काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की अस्मिता को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन राज्य की जनता ने इसका करारा जवाब दिया है।

"24 घंटे रखें निगरानी, मैं खुद दूंगी पहरा"
मतगणना (Counting) से पहले ममता बनर्जी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को 'अलर्ट' रहने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, "हर कार्यकर्ता और नेता मतगणना केंद्रों पर सतर्क नजर रखें। दिन में कर्मचारी ड्यूटी दें, लेकिन रात में पार्टी नेता खुद निगरानी करें। अगर जरूरत पड़ी, तो मैं खुद अपने निर्वाचन क्षेत्र (भबानीपुर) में पहरा देने के लिए बाहर निकलूंगी।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सुबह तक जागकर ईवीएम और केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
नतीजों का इंतजार
बता दें कि पश्चिम बंगाल की सभी सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होनी है। एग्जिट पोल्स में भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है, लेकिन ममता बनर्जी के इस आत्मविश्वास ने बंगाल की लड़ाई को और भी दिलचस्प बना दिया है।
