Varanasi News: वाराणसी में राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर उतरे भाजपाई, जले मोबिल से फूंका पुतला; लगाए 'गद्दार' के नारे
BJP Protest in Varanasi: पिछड़ा वर्ग मोर्चा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल का तीखा हमला, बोले— "हार की हताशा में राहुल गांधी का मानसिक संतुलन बिगड़ा, जनता सिखाएगी सबक"।
वाराणसी (भदैनी मिरर): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ दिए गए कथित बयानों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी क्रम में वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर तीखा विरोध प्रदर्शन किया। काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जले हुए मोबिल से सने उनके प्रतीक पुतले का दहन किया।


"चाइना का ये यार है..." के नारों से गूंजा इलाका
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जुलूस निकाला और "चाइना का ये यार है, राहुल गांधी गद्दार है" जैसे विवादित व तीखे नारे लगाए। भाजपाइयों का आरोप है कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार देश को गुमराह करने और शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने की राजनीति कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लगातार मिलती हार से हताश हैं राहुल गांधी: अनूप जायसवाल
पुतला दहन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कांग्रेस नेतृत्व पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए। अनूप जायसवाल ने कहा:
"राहुल गांधी जिस तरह की भाषा का प्रयोग आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए कर रहे हैं, वह बेहद निंदनीय है। लगातार चुनावों में मिल रही हार की हताशा और निराशा ने राहुल गांधी को एक तरह से मानसिक रोगी बना दिया है। नेहरू जी के समय चीन को जमीन देने से लेकर, रात के अंधेरे में चीनी दूतावास में जाकर गुप्त समझौते करने तक का इतिहास गवाह है कि असल में कौन क्या है। देश की जनता इन्हें बार-बार चुनाव में हरा कर सबक सिखा रही है और आने वाले दिनों में इन्हें पूरी तरह राजनीतिक जमीन से दफना देने का काम करेगी।"
प्रदर्शन में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे शामिल
वाराणसी में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्र विजय सिंह व ओमप्रकाश यादव 'बाबू' ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के समापन पर कुलदीप वर्मा व मंगलेश जायसवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य रूप से गोपालजी जायसवाल, धीरेंद्र शर्मा, राहुल जी, अखिल वर्मा, शेखर जायसवाल, कन्हैया लाल सेठ, मनीष चौरसिया, सुनील कनौजिया, सिद्धनाथ गौंड, धरमचन्द, प्रदीप जायसवाल, अमित, रवि, प्रकाश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
