Varanasi: बनारस पहुंचीं भाजपा सांसद कंगना रनौत; काशी के विकास की तारीफ कर अखिलेश यादव पर बोला तीखा हमला
कंगना बोलीं- 'काशी आकर घूमने-शॉपिंग का मन करता है'; पीएम मोदी के निवेश की सराहना कर पिछली सरकारों की हिंसा और गोलीबारी को किया याद
भदैनी मिरर (वाराणसी )। बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद कंगना रनौत बुधवार को सांस्कृतिक नगरी वाराणसी (काशी) पहुंचीं। अपने इस व्यक्तिगत और आधिकारिक दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने काशी की दिव्यता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जमकर तारीफ की। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखे जुबानी हमले भी किए।

'काशी आकर घूमने और शॉपिंग करने का मन उत्सुक हो जाता है'
वाराणसी आगमन पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए सांसद कंगना रनौत ने कहा- "हम तो यहां किसी काम से आए हैं, लेकिन जब भी बनारस और काशी आना होता है, तो मन बहुत ज्यादा उत्सुक हो जाता है। यहां की आबोहवा में ही एक अलग आनंद है। मेरा मन है कि यहां के प्रसिद्ध स्थानों पर घूमूं-फिरूं, आनंद लूं और काशी की प्रसिद्ध शॉपिंग भी करूं।"
पीएम मोदी के विकास की तारीफ, सपा सरकार के दौर को बताया "हिंसा का दौर"
वाराणसी में हुए अभूतपूर्व बदलावों और निवेश पर बात करते हुए कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को सराहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने बनारस में लाखों करोड़ रुपये का निवेश लाकर शहर का पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया है।
इसी दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए कंगना ने कहा: "अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में क्या किया था? उनके वक्त में जो हमने देखा, वो केवल हिंसा और गोलीबारी की घटनाएं थीं। चाहे उनके पिताजी का दौर रहा हो या उनका, क्या-क्या हुआ सब जानते हैं। लेकिन आज काशी और रामभूमि का जिस तरह से उद्धार हुआ है और उत्तर प्रदेश दिन-ब-दिन प्रगति कर रहा है, उसकी तारीफ आज पूरा विश्व कर रहा है।"
