Movie prime
PMC_Hospital

SP Manifesto 2027: कानून-व्यवस्था पर आक्रामक दिखे अखिलेश यादव, अपराधियों और माफियाओं को सख्त चेतावनी

समाजवादी पार्टी ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, भूमि कब्जा रोकने को विशेष एसटीएफ, 1090 को मजबूत करने और एआई-ड्रोन से निगरानी का खाका पेश

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर डेस्क: आगामी चुनावों के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। घोषणा पत्र पेश करते हुए पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बेहद सख्त और आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध में लिप्त पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को जेल भेजा जाएगा, चाहे वे किसी भी जाति या धर्म के क्यों न हों। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इसके जरिए उन्होंने विरोधियों द्वारा बनाई गई छवि को बदलने की कोशिश की है।

Ad

अपराध, दंगों और हेट क्राइम पर जीरो टॉलरेंस का दावा

घोषणा पत्र में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का संकल्प लिया गया है। विशेष रूप से महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाले संगठित अपराध और हेट क्राइम पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। सपा ने जाति या धर्म के आधार पर किसी भी तरह के दंगे न होने देने, महिलाओं व अनुसूचित जाति के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा माफिया और गुंडों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने का वादा किया है।

भूमि कब्जा रोकने के लिए विशेष एसटीएफ और बाजारों में गश्त

गरीबों, पिछड़ों, दलितों और असहाय लोगों की जमीन पर माफिया या प्रभावशाली लोगों द्वारा किए जाने वाले कब्जों को रोकने के लिए एक विशेष एसटीएफ (STF) गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत डायल 100/112 की तर्ज पर अलग रंग के वाहनों की व्यवस्था की जाएगी, जो लगातार गश्त कर भूमि कब्जों पर नजर रखेंगे। वहीं, व्यापारियों और उद्यमियों को उत्पीड़न से बचाने के लिए प्रमुख बाजारों में डायल 100/112 की गाड़ियां तैनात करने और संबंधित जिला अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।

महिला सुरक्षा के लिए विशेष ढांचा और 1090 को मजबूती

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीजीपी (DGP) के नियंत्रण में एक विशेष महिला पुलिस ढांचा बनाने का प्रस्ताव है, जिसकी पहुंच गांव स्तर तक होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकना और घटना होने पर तुरंत सख्त कार्रवाई करना है। इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090 को फिर से मजबूत करने और डायल 100/112 की रिस्पॉन्स टाइमिंग बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया है।

एआई, सीसीटीवी, ड्रोन और साइबर यूनिट पर जोर

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया है:

  • साइबर सुरक्षा: सभी जिलों में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए विशेष साइबर यूनिट स्थापित की जाएंगी।

  • एआई और ट्रैफिक: प्रमुख शहरों की यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग होगा।

  • निगरानी तंत्र: एक वर्ष के भीतर गांवों और कस्बों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी व्यवस्था स्थापित कर उन्हें यूपी 100/112 नियंत्रण केंद्रों से जोड़ा जाएगा।

पुलिस भर्ती में 33% महिला आरक्षण और कर्मियों के कल्याण के वादे

पुलिस बल को मजबूत करने के लिए यूपी पुलिस के सभी रिक्त पदों को तुरंत भरने और नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इसके अलावा पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए कई घोषणाएं की गई हैं, जिनमें:

  • काम के घंटे तय करना, साप्ताहिक छुट्टी और वर्क-लाइफ बैलेंस सुनिश्चित करना।

  • पड़ोसी जिलों में तैनाती, पदोन्नति के अवसर और सभी कर्मियों के लिए सरकारी आवास की व्यवस्था।

  • साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता व मोबाइल भत्ता देना, पौष्टिक आहार भत्ता बढ़ाना तथा पुलिस विभाग में कार्यरत पति-पत्नी की यथासंभव एक ही जिले में पोस्टिंग करना शामिल है।