सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज एक बार फिर सस्पेंड, 90 लाख से अधिक थे फॉलोअर्स!
समाजवादी पार्टी ने एक्स (X) पर पोस्ट कर दी जानकारी- जल्द बहाली के लिए काम कर रहा है मेटा (Meta); पिछले साल 10 अक्टूबर को भी सस्पेंड हुआ था अकाउंट
भदैनी मिरर, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज सोमवार (23 नवंबर 2026) की शाम एक बार फिर सस्पेंड हो गया है। इस आधिकारिक पेज पर करीब 90 लाख फॉलोअर्स थे। पेज के अचानक अनुपलब्ध होने से राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

तकनीकी समस्या के कारण माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। मेटा (Meta) इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 23, 2026
सपा ने एक्स पर दी जानकारी- मेटा बहाली के लिए कर रहा काम
मामले पर फेसबुक की मूल कंपनी मेटा (Meta) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है कि यह किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ है या कंपनी की नीतियों के तहत कोई कार्रवाई की गई है। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर आधिकारिक पोस्ट जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।
पार्टी ने अपने संदेश में कहा, "तकनीकी समस्या के कारण माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। मेटा (Meta) इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है।"
पिछले साल 10 अक्टूबर को भी सस्पेंड हुआ था अकाउंट
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड हुआ है। इससे पहले पिछले वर्ष 10 अक्टूबर को भी उनका आधिकारिक फेसबुक अकाउंट सस्पेंड हो गया था, जिसे कुछ समय बाद बहाल कर दिया गया था। उस समय कई सपा नेताओं ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोप लगाया था कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। फिलहाल पार्टी समर्थकों और यूजर्स को पेज के दोबारा सक्रिय होने का इंतजार है।
