काशी में संबित पात्रा का राहुल गांधी पर तीखा हमला: बोले- 56 हार की टिकली लगाकर घूम रहे हैं, SIR पर कांग्रेस फैला रही भ्रम
वाराणसी में बीजेपी सांसद की प्रेस कॉन्फ्रेंस; कहा- घुसपैठिए कभी नहीं बन सकते भारत के वोटर, देश के संसाधनों पर पहला हक भारतीयों का
भदैनी मिरर (वाराणसी डेस्क): भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को खारिज किया और राहुल गांधी द्वारा लगाए गए 13 करोड़ वोट चोरी के आरोपों का खंडन किया।

"13 करोड़ वोट चोरी नहीं, वोटर लिस्ट की शुद्धता की प्रक्रिया"
संबित पात्रा ने स्पष्ट किया कि देश में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया नई नहीं है, बल्कि यह 12वां अवसर है जब मतदाता सूची की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इससे पूर्व 10 एसआईआर कांग्रेस के शासनकाल में हुए थे, जबकि महज दो एसआईआर बीजेपी सरकार के दौरान हुए हैं।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के समय जब एसआईआर होता था तो वह सही था, लेकिन जब हमारी सरकार मतदाता सूची की शुद्धता के लिए यह प्रक्रिया अपनाती है, तो उस पर सवाल खड़े किए जाते हैं।" पात्रा ने आगे कहा कि 13 करोड़ वोट चोरी होने का दावा पूरी तरह भ्रामक है। यह संख्या अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Deceased) और दोहराव (Duplicate) वाले मतदाताओं की है, जिन्हें नियमों के तहत सूची से छांटा जा रहा है।
"राहुल गांधी 56 हार की टिकली लगाए घूम रहे हैं"
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी 56 चुनावी हार की 'टिकली' लगाकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर फरवरी 2025 तक कांग्रेस पार्टी देश भर में 56 विधानसभा चुनाव हार चुकी है। इसके बावजूद वह अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
घुसपैठियों के मुद्दे पर बड़ा बयान
देश में घुसपैठियों की समस्या पर बोलते हुए संबित पात्रा ने कहा कि भारत के संसाधनों पर पहला अधिकार देश के नागरिकों का है, न कि अवैध घुसपैठियों का। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों के कारण असम जैसे राज्यों में घुसपैठियों की तादाद बढ़ी, लेकिन बीजेपी सरकार लगातार इनका खुलासा कर रही है।
उन्होंने दोहराया कि एसआईआर की प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अवैध घुसपैठिया भारत का मतदाता न बन सके। यह काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही पूरी दृढ़ता के साथ कर सकती है, जबकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दल इस पर राजनीति करते रहे हैं।
