प्रयागराज जोन प्रभारी वरुण चौधरी का काशी में भव्य स्वागत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर वाराणसी पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव; बाबा विश्वनाथ और संत रविदास मंदिर में टेका माथा।
भदैनी मिरर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन के प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनचुंबी नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।


जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से शहर में प्रवेश के दौरान अतुलानंद स्कूल, लहुराबीर और मैदागिन चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया।

काशी विश्वनाथ व संत रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन
काशी पहुंचने के बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने सिर गोवर्धन स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के मंदिर में मत्था टेका और सामाजिक समरसता व समानता का संदेश नमन किया। इसके उपरांत उन्होंने बीएचयू (BHU) मुख्य द्वार पर छात्रों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया।



प्रयागराज जोन के 7 जिलों की ली संगठनात्मक बैठक
अपने दौरे के तहत उन्होंने प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों—मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही एवं वाराणसी के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें कीं।
बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
'बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता'
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वरुण चौधरी ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती जमीनी कार्यकर्ताओं के सुझावों और उनके अनुभवों पर निर्भर करती है। कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को सड़क से संसद तक उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वरुण चौधरी के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। स्वागत कार्यक्रम और बैठकों में फ़साहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, मयंक चौबे, ओमप्रकाश ओझा समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
