'मोहर्रम के जुलूस और हथियारों के प्रदर्शन पर लगे रोक'— वाराणसी पहुंचीं BJP नेता ने CM योगी को लिखा पत्र, कांग्रेस अध्यक्ष को कहा 'कॉकरोच'
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को कहा 'कॉकरोच' "मोहर्रम जुलूस पर लगे पाबंदी...", वाराणसी में BJP नेता नाजिया खान ने CM योगी को लिखा पत्र; अजय राय पर कसा तीखा तंज!
वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश की धार्मिक और राजनीतिक राजधानी वाराणसी पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया खान ने एक बड़ा और विवादित बयान दिया है। नाजिया खान ने प्रदेश में मोहर्रम के जुलूस और उसमें होने वाले पारंपरिक हथियारों के प्रदर्शन को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर भी बेहद तल्ख जुबानी हमला बोला है।


"जुलूस के नाम पर देश में बनाया जाता है अफरा-तफरी का माहौल"
वाराणसी में मीडिया से बातचीत करते हुए नाजिया खान ने गाजियाबाद में हुए चर्चित सूर्य हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "जिस तरह से 17 साल के मासूम सूर्य की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई, वह बेहद भयावह है। ठीक उसी तरह मोहर्रम के जुलूसों में भी बेवजह का खून-खराबा और हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन होता है।"

नाजिया ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व और चरमपंथी मानसिकता के लोग इन आयोजनों की आड़ में न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में जानबूझकर डर और अफरा-तफरी का माहौल कायम करते हैं। इसलिए उन्होंने सीएम योगी को पत्र भेजकर इस पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया है।

"इस्लाम भी नहीं देता हथियारों के प्रदर्शन की इजाजत"
अधिवक्ता नाजिया खान ने अपनी मांग के पीछे कानूनी और धार्मिक तर्क देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का इस तरह का प्रदर्शन कानूनी रूप से पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, "इस्लाम धर्म भी मातम या शोक के नाम पर हथियारों को लहराने की इजाजत बिल्कुल नहीं देता। अगर लोगों को शोक और मातम मनाना ही है, तो वे इसे अपने घरों के भीतर शालीनता से मनाएं। सड़कों पर ताजिया निकालना और व्यवस्था को प्रभावित करना बंद होना चाहिए।"
ज्ञानवापी पर बड़ा बयान: इस दौरान नाजिया खान ने वाराणसी के चर्चित ज्ञानवापी मामले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही न्यायालय से इस मामले में हिंदुओं के पक्ष में अंतिम फैसला आएगा, वह स्वयं वहां जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर साधा निशाना, अपशब्दों का किया प्रयोग
भाजपा नेता ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधते हुए बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने अजय राय की तुलना 'कॉकरोच' से करते हुए कहा, "अजय राय बड़े टाइप के कॉकरोच हैं। आजकल गर्मी बहुत ज्यादा पड़ रही है, इसलिए उन्हें बाहर निकलने से बचना चाहिए। हम उन्हें मारेंगे तो नहीं, लेकिन उनके बयानों के लिए जेल जरूर भेजेंगे।"
नाजिया ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अजय राय जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अपनी जुबान पर लगाम लगानी होगी, अन्यथा यह उनके राजनीतिक भविष्य के लिए गले की फांस बन जाएगा।
जंतर-मंतर के प्रदर्शन को बताया 'बरसाती मेंढकों' का जमावड़ा
शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी धड़े द्वारा किए गए एक प्रदर्शन पर तंज कसते हुए नाजिया ने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर 22 मिलियन (2.2 करोड़) फॉलोअर्स जुटा लेने से कोई जमीन का बड़ा नेता नहीं बन जाता। उन्होंने संदेह जताते हुए कहा कि कहीं ये फॉलोअर्स वही लोग तो नहीं जो देश का माहौल खराब करना चाहते हैं? उन्होंने कटाक्ष किया कि दिल्ली की गर्मी के आगे प्रदर्शनकारी शाम 5 बजे तक भी नहीं टिक सके और वापस लौट गए। राजनीति में ऐसे बरसाती मेंढक आते-जाते रहते हैं।
