कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में उतरीं ममता बनर्जी
सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत 2 दिन बढ़ने के बाद ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, सीजेपी ने कहा 'थैंक्यू मैम'
राजनीतिक डेस्क (भदैनी मिरर): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत बढ़ाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुलकर CJP के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसकी तुलना 'राज्य प्रायोजित आतंकवाद' से की है। वहीं, ममता के समर्थन के बाद सीजेपी ने उनका आभार जताते हुए 'थैंक्यू मैम' कहा है।

ममता बनर्जी बोलीं— 'लोकतंत्र पर हो रहा हमला'
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि आशुतोष और सौरव की हिरासत बढ़ाने की यह मंशा लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने जेन जी (Gen Z) के युवाओं को सताए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज जो सत्ता में हैं, वे हमेशा नहीं रहेंगे। ममता ने मांग की कि यदि देश में लोकतंत्र पर भरोसा है, तो दोनों नेताओं को तुरंत रिहा किया जाए।
क्या है पूरा मामला?
सीजेपी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ 13 अक्टूबर को जंतर मंतर पर तिरंगा लेकर पहुंचे थे, जबकि गृह मंत्रालय द्वारा जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाया जा चुका है। गेट फांदकर अंदर घुसने और नारेबाजी करने के आरोप में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर ट्रेसपासिंग (अवैध प्रवेश) का मामला दर्ज किया था।
सोमवार को अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिनों के लिए और बढ़ा दी है, जिसके बाद इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया है।
अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर युवा प्रदर्शनकारियों को डराने-धमकाने और रिहाई में जानबूझकर देरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को कनॉट प्लेस के 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे अभिजीत दीपके को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में शनिवार को सशर्त जमानत दे दी गई थी।
