Movie prime
PMC_Hospital

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल बीजेपी में शामिल, ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बने विशेष आमंत्रित सदस्य

सीमा समृद्धि कुशवाहा व प्रो. अद्वैत चरण गणनायक भी विशेष आमंत्रित सदस्य; यूपी के कई नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

राजनीति/खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख लेग स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। शनिवार को बीजेपी ने चहल को पार्टी के ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया। इससे पहले उन्होंने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य से भेंट की थी। जारी सूची में चहल का नाम दिल्ली के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

Ad

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को ओबीसी मोर्चा के नए पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों की नियुक्तियों की घोषणा की, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

युजवेंद्र चहल के साथ ये चेहरे भी विशेष आमंत्रित सदस्य

युजवेंद्र चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गणनायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

हरियाणा के जींद में जन्मे चहल ने 11 जून 2016 को जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे और 18 जून 2016 को टी-20 इंटरनेशनल में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 96 विकेट चटकाए हैं। वर्ष 2017 में उन्हें आईसीसी टी-20 इंटरनेशनल परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर चुना गया था, जबकि 2019 वनडे विश्व कप में उन्होंने 12 विकेट लिए थे। आईपीएल में मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके चहल ने 2022 में पर्पल कैप जीती और आईपीएल में 200 से अधिक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने 2 अक्टूबर 2026 को फर्स्ट-क्लास (रेड-बॉल) क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।

बीजेपी ओबीसी मोर्चा में किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?

  • राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (7): असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता व संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र से बाबनराव रवजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा और बिहार से अर्जुन सहनी।

  • राष्ट्रीय महासचिव (3): दिल्ली से गजेंद्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित चंद्राकर।

  • राष्ट्रीय सचिव (7): गुजरात से दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु से टी वरथराजन, झारखंड से संजीव कुमार उर्फ बबलू भगत, हरियाणा से सरिता जांगिड़, तेलंगाना से कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश से वैभव पंवार और बिहार से भीम कुमार साहू।

विभिन्न विभागों व कार्यकारिणी की अन्य प्रमुख नियुक्तियां

  • कोषाध्यक्ष व कार्यालय: उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और डॉ. अरुण यादव सह-कार्यालय सचिव नियुक्त किए गए हैं।

  • मीडिया व सोशल मीडिया: बिहार के अजय गुप्ता को मीडिया समन्वयक, दिल्ली के परीक्षित डागर को सोशल मीडिया समन्वयक तथा मध्य प्रदेश के प्रदीप महौर सोनी को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

  • नीति एवं शोध विभाग: दिल्ली के प्रोफेसर पंकज चौधरी को समन्वयक, जबकि ओडिशा के आशुतोष बेहरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।

  • राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य: शुरुआती सूची में अंडमान-निकोबार के संजीव रंगैया, आंध्र प्रदेश के श्रीनिवास राव कंटुबुक्ता, बिहार के राजीव रंजन उर्फ विशाल यादव और चंडीगढ़ के संजीव वर्मा के नाम भी शामिल हैं।