वाराणसी: सपा सांसद अजेंद्र लोधी की टिप्पणी पर भड़का नारी शक्ति का आक्रोश, महिला मोर्चा ने फूंका विरोध का बिगुल
संवैधानिक गरिमा को ताक पर रखने का आरोप, मुख्यालय पर सौंपा पत्रक, की बड़ी मांग
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) के हमीरपुर-महोबा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा की गई कथित अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी ने तूल पकड़ लिया है। इस बयान के विरोध में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विशाल विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।


संवैधानिक गरिमा को ताक पर रखने का आरोप
महिला मोर्चा की जिला और महानगर इकाइयों के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध ऐसी शब्दावली का प्रयोग करना न केवल अशोभनीय है, बल्कि यह नारी शक्ति और देश की जनता का अपमान है।
निर्मला सिंह पटेल और कुसुम पटेल ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया प्रधानमंत्री के कार्यों का लोहा मानती है, तब विपक्षी दल के सांसद बौखलाहट में अपनी मर्यादा भूल रहे हैं।

"प्रधानमंत्री देश का गौरव, अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान"
प्रदर्शन के दौरान महिला नेताओं ने अपनी बात रखी:
-
उषा अग्रवाल (महिला मोर्चा): "सपा सांसद ने हमारे प्रधानमंत्री के लिए बेहद गंदे शब्दों का इस्तेमाल किया है, जिन्हें हम देवता तुल्य मानते हैं। अखिलेश यादव को तुरंत ऐसे सांसद को अपनी पार्टी से हमेशा के लिए निष्कासित करना चाहिए।"
-
सीमा यादव (महामना मंडल अध्यक्ष): "प्रधानमंत्री भारत का गौरव हैं। विदेशों में उनका जय-जयकार होता है, लेकिन यहाँ सपा सांसद गाली-गलौज कर रहे हैं। जब जन समर्थन हाथ से फिसल रहा है, तो सपा नेता बौखलाहट में घटियापन पर उतर आए हैं।"
-
उषा सिंह परिहार: "प्रधानमंत्री किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश के होते हैं। अखिलेश यादव अपने सांसद का पक्ष लेकर पल्ला झाड़ लेते हैं, उन्हें जिम्मेदारी लेनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।"
मुख्यालय पर सौंपा पत्रक, की बड़ी मांग
प्रदर्शन के अंत में भाजपा महिला मोर्चा ने जिला प्रशासन के माध्यम से एक मांग पत्र (पत्रक) सौंपा। महिलाओं की मांग है कि:
-
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी को उनके पद से हटाया जाए।
-
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इस टिप्पणी पर देश से माफी मांगें।
-
अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
प्रदर्शन में ये रहीं मुख्य रूप से मौजूद: विरोध प्रदर्शन में निर्मला सिंह पटेल, कुसुम पटेल, गीता शास्त्री, साधना पाण्डेय, विभव सिंह, रीना पात्रों, सबा परवीन, सुरेखा सिंह, नरगिस, मुमताज बानो, रेखा सोनी, सारिका सेठ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

