SP में बड़ी टूट का दावा: ओम प्रकाश राजभर बोले- बागी बलिया से होगी बगावत की अगुवाई
मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा की गैर-मौजूदगी पर उठाए सवाल; प्रो. रामगोपाल यादव पर बरसे राजभर, कहा- 'उनके घर में हमारे लिए अलग बर्तन रखे जाते हैं, राजभर-मौर्य को नीचा समझते हैं।'
लखनऊ डेस्क, भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) में बहुत बड़ी बगावत और टूट का दावा करके सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। राजभर ने दावा किया है कि सपा के भीतर असंतोष की आग सुलग रही है और इस बार बगावत का नेतृत्व 'बागी बलिया' की धरती से होगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक तीखी पोस्ट लिखकर सपा के पीडीए (PDA) कार्यक्रम, मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा की अनुपस्थिति और पार्टी के आंतरिक जातिगत समीकरणों पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


मुरादाबाद सांसद की गैर-मौजूदगी पर कसा तंज
ओम प्रकाश राजभर ने सपा के हालिया पीडीए समारोह पर निशाना साधते हुए मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा की अनुपस्थिति को पार्टी के भीतर बढ़ती कलह का संकेत बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा:
"पीडीए समारोह में मुरादाबाद वाली सांसद नहीं पहुंची न? 'पीट देगा अहीर', 'पीट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) से अब हर कोई दूर भाग रहा है। सांसद ने आने से मना कर दिया न? अब बाद में वह बहाने बना रही होंगी कि उन्हें बताया नहीं गया या सूचना छुपाया गया। लेकिन हकीकत यही है कि बगावत और बागियों का नेतृत्व तो 'बागी बलिया' की भूमि ही करेगी, क्योंकि ब्राह्मण सब कुछ भूल सकता है, लेकिन अपना अपमान नहीं।"
प्रो. रामगोपाल यादव पर लगाया भेदभाव का बड़ा आरोप
सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कैबिनेट मंत्री राजभर ने उन पर पिछड़े और वंचित समाज के नेताओं के प्रति भेदभावपूर्ण मानसिकता रखने का आरोप लगाया।

राजभर ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "घमंडी रामगोपाल यादव ने मेरे और उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी के लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया है, उसे पूरे बहुजन समाज ने देखा है। रामगोपाल यादव हमेशा से राजभर और मौर्य समाज को यादवों से नीचा समझते आए हैं। उनके घर में आज भी हमारे लिए अलग बर्तन रखे रहते हैं।" उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस घमंड के कारण सपा का टूटना अब तय है।

सनातन पांडेय के बहाने शिवपाल यादव को लेकर बड़ा दावा
राजभर ने इस संभावित टूट में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय की भूमिका की ओर भी इशारा किया। उन्होंने सनातन पांडेय के एक पुराने इंटरव्यू का हवाला देते हुए लिखा कि "सनातन ने कहा है कि सनातन, सनातन है, था और सनातन के साथ ही जाएगा।"
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस टूट के बाद सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की भूमिका सबसे अहम होने वाली है। राजभर के अनुसार, "सपा की बची हुई पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असली चाचा (शिवपाल यादव) ही बनेंगे, क्योंकि जमीन पर दोबारा पार्टी खड़ी करने की ताकत सिर्फ उन्हीं के पास है। वहीं दूसरी तरफ, घमंडी चाचा (प्रोफेसर रामगोपाल) को प्रोफेसर से वापस प्राइमरी का मास्टर बनना पड़ेगा और इसे अखिलेश जी के 'शिव' चाचा ही हकीकत में बदलेंगे।" राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर वार-पलटवार का दौर शुरू होना तय माना जा रहा है।
