वाराणसी में अखिलेश यादव का 'श्रीकृष्ण अवतार' पोस्टर वायरल, सपा कार्यकर्ताओं ने वरुणा नदी और PDA के सहारे 2027 की सत्ता का फूंका बिगुल
सपा सुप्रीमो के 53वें जन्मदिन पर काशी में सियासी हलचल तेज; हाथ में संविधान थामे दिखे अखिलेश, वरुणा नदी के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने का संकल्प।
वाराणसी (भदैनी मिरर)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को धर्मनगरी काशी में सपा कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह और एक नया सियासी रंग देखने को मिला। वाराणसी में दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें एक ओर जहां अखिलेश यादव को 'भगवान श्रीकृष्ण' के नए अवतार में पेश करते हुए पोस्टर जारी किया गया, वहीं दूसरी ओर वरुणा नदी और 'पीडीए' (PDA) के मुद्दे पर 2027 में यूपी की सत्ता में वापसी का हुंकार भरा गया।


इन दोनों ही आयोजनों के बाद वाराणसी सहित पूरे प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
हाथ में 'संविधान' लिए कलयुग के 'श्रीकृष्ण' बने अखिलेश यादव, हुआ हवन-पूजन
वाराणसी में प्रखर सपा कार्यकर्ता अजय फौजी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के जन्मदिन पर एक विशेष पोस्टर लॉन्च किया। इस पोस्टर में अखिलेश यादव हाथ में 'भारत का संविधान' थामे भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में नजर आ रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके दीर्घायु होने के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन किया और बाबा विश्वनाथ से 2027 में अखिलेश राज की वापसी की कामना की।

सपा नेता अजय फौजी ने कहा— "जिस तरह द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण हमेशा अन्याय के खिलाफ और न्याय के साथ खड़े रहते थे, ठीक उसी तरह आज कलयुग में अखिलेश यादव जन-मुद्दों की आवाज उठा रहे हैं। हम अखिलेश जी के भीतर भगवान कृष्ण की छवि देखते हैं, जो संविधान की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। कलयुग में भगवान विष्णु के कल्कि अवतार के रूप में हम उन्हें मानकर यह पूजा-पाठ कर रहे हैं।"
बताते चलें कि इससे पहले काशी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का परशुराम स्वरूप भी सामने आ चुका है।


"मां गंगा से आए थे, वरुणा नदी से वापस भेजेंगे"— भाजपा सरकार पर बरसे राहुल गुप्ता
दूसरी ओर, सपा के महानगर अध्यक्ष (युवा सभा) राहुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर सपा सुप्रीमो का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस मौके पर राहुल कुमार गुप्ता ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए स्थानीय वरुणा नदी के मुद्दे को अपनी भावी राजनीति का केंद्र बिंदु बताया।
राहुल कुमार गुप्ता ने सरकार को घेरते हुए कहा, "जिस तरह भाजपा के लोग 'मां गंगा' के नाम पर राजनीति करके सत्ता में आकर बैठे हैं, उसी तरह समाजवादी पार्टी साल 2027 के विधानसभा चुनाव में 'वरुणा नदी' को मुख्य मुद्दा बनाएगी। हम लोग इसी वरुणा नदी के माध्यम से इन लोगों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर वापस भेजने का कार्य करेंगे।"

'मोदी-योगी राज में NDA' पर कटाक्ष, 2027 में 'PDA' सरकार का संकल्प
सपा महानगर अध्यक्ष (युवा सभा) ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों में सपा का पूरा फोकस 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'मोदी-योगी राज में एनडीए (NDA)' का फुल फॉर्म बदलते हुए "नाले, दुर्गंध और अधिकारहीनता" के स्लोगन वाले पोस्टर प्रदर्शित कर तीखा तंज कसा।
राहुल गुप्ता ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ 'पीडीए' की सरकार बनेगी। उन्होंने संकल्प दोहराया कि सत्ता में आते ही वरुणा नदी के पुनरुद्धार सहित वाराणसी के सभी रुके हुए और उपेक्षित विकास कार्यों को पूरी मजबूती के साथ एक निश्चित दायरे में रहकर विकसित और सही किया जाएगा।
