Movie prime
PMC_Hospital

अखिलेश यादव नहीं लड़ेंगे 2027 का विधानसभा चुनाव! बनारस में बोले- 'सीधे CM पद की लूंगा शपथ'

शुभ-अशुभ का दिया हवाला, 2012 के फॉर्मूले पर फिर चलाएंगे दांव; योगी सरकार और पीएम मोदी पर भी बोले तीखे हमले

Ad

 
Akhilesh yadav
WhatsApp Group Join Now

Ad

राजनीतिक डेस्क, भदैनी मिरर (वाराणसी): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को धर्मनगरी वाराणसी से 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर एक बहुत बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में खुद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि पार्टी के अन्य नेताओं को चुनाव लड़वाएंगे और चुनाव जीतने के बाद सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Ad

काशी में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे शुभ और अशुभ में विश्वास करते हैं और इस बार भी वही रास्ता अपनाएंगे जो उनके लिए पहले शुभ साबित हो चुका है।

2012 के फॉर्मूले का दिया हवाला

अपने राजनीतिक सफर और 2012 के ऐतिहासिक परिणाम का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा:

"हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ते हैं। 2012 में जब मैं मुख्यमंत्री बना था, तब कन्नौज से लोकसभा सांसद था। पिछली बार (2022 में) मैं चुनाव जीता, लेकिन पार्टी बहुमत (202 का आंकड़ा) तक नहीं पहुंच पाई। इसलिए इस बार मेरे लिए वही शुभ है कि मैं खुद चुनाव लड़ने के बजाय दूसरों को लड़वाऊं और सांसद रहते हुए ही सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लूं।"

अखिलेश यादव के इस बयान से साफ हो गया है कि 2027 के चुनाव में वे खुद प्रत्याशी बनने की बजाय पूरे राज्य में सपा के प्रचार और नेतृत्व की कमान संभालेंगे।

योगी सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला

वाराणसी दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर भी कई तीखे जुबानी हमले बोले:

  • वाराणसी के मुद्दे: उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मणिकर्णिका घाट की प्राचीन विरासत को मिटाने की कोशिश की। इसके अलावा दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का मुद्दा 2027 के चुनाव में प्रमुखता से उठेगा।

  • पीएम मोदी पर तंज: अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, "मां गंगा ने जिसे बुलाया था, उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया। जब भाजपा सत्ता से जाएगी, तभी बनारस खुलकर मुस्कुराएगा।"

  • कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवा: राज्य की स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बांदा की दर्दनाक घटना और अन्य हालिया मामलों का जिक्र कर सरकार को घेरा।

भाजपा काटेगी 200 विधायकों का टिकट

सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हार के डर से भाजपा अपने 200 से अधिक मौजूदा विधायकों का टिकट काटने जा रही है। उन्होंने हालिया एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन के दबाव के बावजूद बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से सपा को सफलता मिली है।

साथ ही, धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि 'नकली सनातनियों' के अनर्गल बयानों से जनता दुखी है और ऐसे तत्वों पर लगाम लगाई जानी चाहिए। अखिलेश ने वादा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो प्रोजेक्ट पर प्राथमिकता से काम शुरू कराया जाएगा।