
योग गुरु बाबा रामदेव का बड़ा ऐलान, कहा- पकिस्तान के कराची में खुलेगा...




नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में रविवार को संस्कृति जागरण महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसने सनातन परंपरा, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रदर्शन किया। विश्व जागृति मिशन द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में देशभर से श्रद्धालु जुटे, जहां आध्यात्मिक गुरुओं ने मिलकर भारत की सांस्कृतिक चेतना को एक नई दिशा देने का संदेश दिया।

इस मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव, सुधांशु महाराज और स्वामी चिदानंद सरस्वती मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में उस समय खास उत्साह देखने को मिला जब बाबा रामदेव ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि “तीसरा गुरुकुल पाकिस्तान के कराची में स्थापित किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, "आज हम सब यहां सनातन संस्कृति के जागरण के लिए एकत्र हुए हैं। जिस प्रकार सुधांशु जी महाराज ने गुरुकुल की स्थापना का संकल्प लिया है, उसी भावना के साथ मैं यह संकल्प लेता हूं कि अगला गुरुकुल कराची में खोला जाएगा।"


बाबा रामदेव के इस बयान ने जहां उपस्थित जनसमूह को आश्चर्यचकित किया, वहीं यह संदेश भी दिया कि भारतीय संस्कृति की जड़ें सीमाओं से परे जाकर भी प्रसारित की जा सकती हैं।
कार्यक्रम में सुधांशु जी महाराज और चिदानंद सरस्वती महाराज ने भी भारतीय संस्कृति की सार्वभौमिकता और धार्मिक समरसता पर अपने विचार रखे। संस्कृति जागरण महोत्सव न केवल आध्यात्मिक चेतना का संगम बना, बल्कि इसने भारत की सांस्कृतिक शक्ति को अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर फैलाने के संकल्प को भी मजबूत किया।


