Weather Update: फिर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, इन राज्यों में बारिश-बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड; IMD का नया अलर्ट
10 नवंबर की रात से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी राज्यों में बारिश के आसार।
नई दिल्ली (भदैनी मिरर): दीपावली के बाद से तापमान में हल्की बढ़ोतरी और उमस के बीच मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 10 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और ठंड में तेजी से इजाफा होगा।


पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 13 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में व्यापक बारिश और कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदलेगा, जहां 12 से 13 नवंबर के बीच बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 12 से 15 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की दस्तक और गिरेगा पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त घने कोहरे ने अपनी दस्तक दे दी है। सफदरजंग और पालम एयरपोर्ट के पास दृश्यता में काफी कमी दर्ज की गई है। IMD के अनुसार, 10 से 12 नवंबर के बीच दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा।
-
तापमान की स्थिति: अधिकतम तापमान गिरकर 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के बीच रहने की उम्मीद है। ठंड बढ़ने के साथ ही अब लोगों को अपने घरों में रजाई और कंबल निकालने पड़ सकते हैं।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां उत्तर भारत में ठंड की आहट है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी गतिविधियां अभी भी सक्रिय हैं।
-
दक्षिण भारत: कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9-10 नवंबर और 15 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है (थूथुकुडी में 10 सेमी बारिश दर्ज हो चुकी है)। इसके अलावा केरल और माहे में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।
-
पूर्वोत्तर भारत: 9 से 15 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश व आंधी-तूफान की आशंका है। इसके अलावा 9 से 12 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
