केरल में ‘सतीशन युग’ का आगाज: वीडी सतीशन बने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री, राहुल गांधी ने लगाया गले
10 साल पुराना वामपंथी शासन खत्म; 20 सदस्यीय कैबिनेट ने भी ली शपथ, 14 नए चेहरों को मिला मौका
तिरुवनंतपुरम: केरल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की ऐतिहासिक और बंपर जीत के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी डी सतीशन (V D Satheesan) ने केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। राजभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें मलयालम भाषा में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में पिछले 10 साल से चला आ रहा वामपंथी (LDF) शासन आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।


शपथ ग्रहण में पहुंचे राहुल, खड़गे और प्रियंका समेत कई राज्यों के CM
सतीशन के इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस आलाकमान और देश के कई बड़े विपक्षी नेता एकजुट नजर आए। समारोह में विशेष रूप से:
-
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
-
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
-
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी
-
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हुए।
मंच पर एक बेहद भावुक और खास पल तब देखने को मिला जब राहुल गांधी ने नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को गले लगाकर बधाई दी। इनके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस पल के गवाह बने। खास बात यह भी रही कि निवर्तमान मुख्यमंत्री और वामपंथी नेता पिनराई विजयन भी गरिमा बनाए रखते हुए मंच पर मौजूद रहे।

20 सदस्यीय नए मंत्रिमंडल ने ली शपथ, महिलाओं और SC वर्ग को तरजीह
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी अपने पद की शपथ ली। सतीशन ने स्पष्ट किया है कि नई कैबिनेट के गठन में महिलाओं और अनुसूचित जातियों (SC) के प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया है।
विधानसभा के प्रमुख पद:
-
तिरुवंचूर राधाकृष्णन (वरिष्ठ कांग्रेस नेता) – नए असेंबली स्पीकर होंगे।
-
शनिमोल उस्मान – डिप्टी स्पीकर की जिम्मेदारी संभालेंगी।
-
अपू जॉन जोसेफ – सरकार के चीफ व्हिप बनाए गए हैं।
कैबिनेट में अनुभवी दिग्गजों के साथ 14 नए चेहरे शामिल
सतीशन कैबिनेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 14 नए चेहरों को जगह दी गई है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन खुद साल 2001 से लगातार पारावूर सीट से विधायक चुने जा रहे हैं, लेकिन पहली बार सरकार में कोई प्रशासनिक पद संभाल रहे हैं।

कैबिनेट के प्रमुख चेहरे और सहयोगी दल:
-
कांग्रेस से: वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के. मुरलीधरन, ए.पी. अनिल कुमार, केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ, पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, के.ए. थुलसी और ओ.जे. जनीश।
-
सहयोगी दलों से: इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पी.के. कुन्हालिकुट्टी, एन. शमसुद्दीन, के.एम. शाजी, पी.के. बशीर और वी.ई. अब्दुल गफूर। इसके अलावा आरएसपी (RSP) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस के मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और सीएमपी (CMP) नेता सी.पी. जॉन ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
