Movie prime
PMC_Hospital

Uttarakhand News: बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोग लापता

उड़ान के 15 मिनट बाद टूटा संपर्क; खराब मौसम में सेना व SDRF का सर्च ऑपरेशन

Ad

 
Helicopter
WhatsApp Group Join Now

Ad

 

भदैनी मिरर नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। बदरीनाथ धाम से दर्शन कर देहरादून लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर जोशीमठ के पास चाईं गांव के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त (Crash) हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), सेना और आईटीबीपी (ITBP) की संयुक्त टीमें खराब मौसम के बीच राहत और बचाव कार्य के लिए मौके की ओर रवाना हो गई हैं।

Ad

 

उड़ान के 15 मिनट बाद टूटा संपर्क, चट्टान से टकराने की आशंका

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 1:12 बजे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकॉप्टर (HCX) ने बदरीनाथ धाम स्थित राज्य सरकार के हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद ही दोपहर सवा एक बजे के आसपास एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और रेडियो कम्यूनिकेशन (RT) से हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया।

आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में छाए घने कोहरे और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर किसी चट्टान से टकराकर मारवाड़ी पुल के पास जेपी पावर हाउस की ओर चाईं गांव में सेना कैंप के ऊपर स्थित पहाड़ी पर क्रैश हो गया। एयर ट्रैफिक से संपर्क टूटने के बाद से ही हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों का विवरण

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) और स्थानीय पुलिस के अनुसार हेलीकॉप्टर में सवार सभी 5 यात्री कर्नाटक (बेंगलुरु) के रहने वाले बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की सूची इस प्रकार है:

  1. कैप्टन हिमांशु (पायलट)

  2. प्रथापा (यात्री - बेंगलुरु)

  3. अरुण सालुंके (यात्री - बेंगलुरु)

  4. शंकरगौड़ा वीजी (यात्री - बेंगलुरु)

  5. सुधीर के. (यात्री - बेंगलुरु)

  6. एच.एस. नागाराजा (यात्री - बेंगलुरु)

खराब मौसम के बीच दुर्गम पहाड़ी पर रेस्क्यू जारी

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन और जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने बताया कि आखिरी लोकेशन चाईं गांव के पास मिलने के बाद राहत दल पहाड़ी पर चढ़कर सर्च ऑपरेशन चला रहा है। मौसम साफ होते ही हवाई सर्च ऑपरेशन भी तेज किया जाएगा। फिलहाल सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमें पैदल ही घटनास्थल के बेहद दुर्गम इलाके तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। प्रशासन और सभी बचाव दल मौके पर तैनात हैं।

सीएम धामी ने कहा, "मैं स्वयं पूरे घटनाक्रम पर निरंतर नजर बनाए हुए हूं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई भी घायल मिलता है, तो उसे तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। ईश्वर से सभी यात्रियों और पायलट के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।"