Movie prime
PMC_Hospital

दिवंगत जवान की बेटी की शादी में परिवार बनकर पहुंची 16 जाट रेजिमेंट, दी ₹1.61 लाख की मदद

पत्नी अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित; ग्रामीणों और मेहमानों ने की सेना के फर्ज की सराहना

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

राष्ट्रीय,अलवर। बेटी की विदाई का क्षण हर परिवार के लिए बेहद संवेदनशील होता है, लेकिन जब सिर से पिता का साया उठ चुका हो तो यह पल और अधिक भावुक कर देता है। राजस्थान के अलवर जिले में एक ऐसे ही विवाह समारोह में 16 जाट रेजिमेंट के अधिकारियों, जेसीओ और जवानों ने अपने दिवंगत साथी के परिवार के साथ खड़े होकर अपनत्व और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। रेजिमेंट की ओर से दुल्हन के परिवार को ₹1,61,000 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

Ad

अलवर में 21 नवंबर को हुआ विवाह

जानकारी के अनुसार, अलवर में 21 नवंबर 2026 को स्वर्गीय हवलदार पप्पल सिंह की पुत्री प्रीति का विवाह समारोह आयोजित हुआ। बेटी के विवाह जैसे अहम अवसर पर परिवार को संबल देने के लिए 16 जाट रेजिमेंट के सदस्य समारोह में शामिल हुए और ₹1,61,000 की सहयोग राशि सौंपी।

कार्यक्रम के दौरान यूनिट की ओर से रोशनी धवल ने दिवंगत हवलदार पप्पल सिंह की पत्नी अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह दृश्य देखकर विवाह समारोह में मौजूद परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

जवानों ने निभाया कंधे से कंधा मिलाकर साथ, हर किसी ने की तारीफ

समारोह में सूबेदार वीरेन्द्र कुमार धवल, नायब सूबेदार सूबे सिंह, हवलदार सतीश कुमार, हवलदार सुनील कुमार, नायक लोकेश, नायक सोहन सिंह और अग्निवीर दिवाकर सहित अन्य जवान मौजूद रहे। सभी ने परिवार को हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

वर पक्ष, रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने सेना के जवानों की इस संवेदनशील पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस आयोजन ने एक बार फिर दिखाया कि भारतीय सेना में साथियों और उनके परिवारों के प्रति जुड़ाव वर्दी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कठिन समय में भी परिवार बनकर साथ निभाया जाता है।