एसपी को अवमानना का दोषी ठहराने पर सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के सेशंस जज को लगाई फटकार, कहा— 'बाहुबली की तरह काम करना बंद करें'
, सुप्रीम कोर्ट पीठ ने न्यायिक औचित्य व अधिकार क्षेत्र पर की अहम टिप्पणियां
भदैनी मिरर। अदालत के निर्देशों का पालन न करने के आरोप में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को अवमानना का दोषी ठहराने वाले बिहार के सेशंस जज को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने न्यायिक अधिकारी की कानून की समझ और अधिकार क्षेत्र को लेकर तीखी टिप्पणियां कीं तथा उन्हें न्यायिक अनुशासन व औचित्य के दायरे में रहने की नसीहत दी।

क्या था रोहतास का पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, याचिकाकर्ता न्यायिक अधिकारी अनिल कुमार सासाराम में रोहतास के चतुर्थ एडिशनल सेशंस जज के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अधीनस्थ अदालतों के प्रति प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की कथित उदासीनता का मुद्दा उठाते हुए रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) के विरुद्ध आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की थी और निर्देशों की अवहेलना के लिए उन्हें दोषी ठहराते हुए 1 रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया था। साथ ही, उन्होंने कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय से आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की प्रशिक्षण प्रणाली में सुधार की बात भी कही थी।
इस प्रकरण में पटना हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई की।
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कीं ये अहम टिप्पणियां
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सेशंस जज के आक्रामक रुख और 'अदालत के सामने अपराध' की समझ पर सवाल उठाए। पीठ ने स्पष्ट किया कि किसी निर्देश का पालन न होना स्वतः 'अदालत के सामने किया गया अपराध' नहीं माना जा सकता और न्यायिक अधिकारियों को प्रक्रियात्मक सीमाओं व अनुशासन का पालन करना आवश्यक है।
जस्टिस बागची ने कहा कि शीर्ष अदालत पटना हाईकोर्ट के आदेश में न्यायिक अधिकारी के खिलाफ की गई टिप्पणियों की गंभीरता को कम करेगी, लेकिन याचिकाकर्ता को भी स्वयं पर नियंत्रण रखना होगा। पीठ ने न्यायिक औचित्य की आवश्यकता रेखांकित करते हुए यह भी कहा कि अधिकारियों को न्यायिक औचित्य के प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी जाना चाहिए।
हाईकोर्ट से माफी व स्पष्टीकरण पर विचार करने का आग्रह
सेशंस जज के वकील की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि वह न्यायिक अधिकारी के स्पष्टीकरण-सह-माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे और मामले का समुचित निपटान करे।
