Share Market : RBI नीति से पहले बाजार में दबाव, सेंसेक्स-निफ्टी कमजोर शुरुआत के साथ खुले
वैश्विक बाजारों में बिकवाली और आरबीआई मौद्रिक नीति बैठक से पहले निवेशकों में सतर्कता, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 64 अंक और निफ्टी 37 अंक फिसला
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को कमजोरी के साथ खुले। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की फरवरी मौद्रिक नीति घोषणा से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिसका असर शुरुआती कारोबार में साफ दिखा।
सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स करीब 64 अंक गिरकर 83,249 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 37 अंक टूटकर 25,605 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।


वैश्विक संकेतों ने बढ़ाया दबाव
एशियाई बाजारों में गिरावट और वॉल स्ट्रीट में आई भारी बिकवाली ने घरेलू बाजार की धारणा को कमजोर किया। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और कोस्डैक जैसे प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में रहे।
अमेरिका में टेक शेयरों पर दबाव के चलते नैस्डैक नवंबर के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एनवीडिया और क्वालकॉम जैसे दिग्गज शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई।

गिफ्ट निफ्टी से मिले नकारात्मक संकेत
गिफ्ट निफ्टी लगभग 25,585 के आसपास कारोबार करता दिखा, जो घरेलू बाजार के लिए कमजोर शुरुआत का संकेत माना जा रहा था।
आज आएगा RBI का फैसला
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) आज सुबह 10 बजे नीति का ऐलान करेगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा जा सकता है, हालांकि निवेशकों की नजर भविष्य के संकेतों पर टिकी हुई है।

गुरुवार को भी बाजार रहा दबाव में
गुरुवार को सेंसेक्स 503 अंक गिरकर 83,313 और निफ्टी 133 अंक टूटकर 25,642 पर बंद हुआ था। सभी सेक्टरों में बिकवाली देखी गई, क्योंकि निवेशकों ने मुनाफावसूली को प्राथमिकता दी।
डॉलर मजबूत, सोना-चांदी फिसले
अमेरिकी डॉलर दो सप्ताह के उच्च स्तर के करीब पहुंच गया, जिससे सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। कच्चे तेल में भी कमजोरी जारी रही।
बिटकॉइन 61 हजार डॉलर से नीचे
क्रिप्टो बाजार में भी दबाव देखने को मिला और बिटकॉइन गिरकर करीब 60,000 डॉलर के आसपास आ गया।
