Rules Change From 1 September 2026: LPG e-KYC, दूध के दाम से लेकर एयर ट्रैवल तक... कल से लागू होंगे ये 5 बड़े बदलाव
1 सितंबर 2026 से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और बजट से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं; जानें आपकी जेब और दिनचर्या पर क्या होगा असर।
डिजिटल डेस्क (भदैनी मिरर): नया महीना शुरू होने के साथ ही आम जनता से जुड़े कई नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। 1 सितंबर 2026 से आपकी जेब, रसोई के बजट और अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर से जुड़े 5 प्रमुख नियम बदलने वाले हैं। अगर आपने समय रहते इन पर ध्यान नहीं दिया, तो आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।


आइए जानते है 1 सितंबर से होने वाले 5 बड़े बदलावों के बारे में :
- अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए खुशखबरी: बोर्डिंग पास पर स्टांप की जरूरत खत्म
1 सितंबर से भारत से विदेश यात्रा करने वाले पैसेंजर्स के लिए एयरपोर्ट इमिग्रेशन प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी। अब इमिग्रेशन काउंटर पर फिजिकल बोर्डिंग पास पर स्टाम्प लगवाना अनिवार्य नहीं होगा। यात्री सीधे अपने स्मार्टफोन में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास (e-Boarding Pass) दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे।

- मुंबई में महंगा होगा ताजा दूध
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में डेयरी से सप्लाई होने वाले भैंस के ताजा दूध की थोक दरों में भारी बढ़ोतरी हुई है। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (MMPA) ने थोक भाव में 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है, जिसके बाद कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसका असर रिटेल ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है।


- ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि खत्म
गैर-ऑडिट वाले बिजनेस और प्रोफेशनल्स (ITR-3 और ITR-4) के लिए एसेसमेंट ईयर 2026-27 का इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की डेडलाइन 31 अगस्त 2026 थी। 1 सितंबर से अब टैक्सपेयर्स को पेनाल्टी और नियमानुसार लेट फीस के साथ बिलेटेड (Belated) ITR ही दाखिल करने का विकल्प मिलेगा।
- LPG ग्राहकों के लिए आधार ई-केवाईसी की अनिवार्यता
LPG कनेक्शन के लिए आधार-आधारित e-KYC पूरा करने की अंतिम समयसीमा भी 31 अगस्त थी। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें 1 सितंबर से सिलेंडर की बुकिंग, रीफिल या मिलने वाली सब्सिडी में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
- LPG और ईंधन की दरों की मासिक समीक्षा
हर महीने की पहली तारीख की तरह, तेल विपणन कंपनियां 1 सितंबर को भी घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों (LPG Gas Cylinder Price) के साथ-साथ ईंधन की नई दरों की समीक्षा कर सकती हैं। नई दरों का ऐलान 1 सितंबर की सुबह कंपनियों द्वारा किया जाएगा।
