अब हर हफ्ते अपडेट होगा आपका क्रेडिट स्कोर: RBI के नए निर्देशों से क्या बदल जाएगा?
RBI का बड़ा फैसला: बैंक और NBFC को साप्ताहिक आधार पर क्रेडिट डेटा रिपोर्ट करना होगा, उपभोक्ताओं को मिलेगा त्वरित लाभ
वाराणसी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के ऋण ढांचे को पारदर्शी और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए क्रेडिट स्कोर अपडेट को साप्ताहिक करने का मसौदा दिशा-निर्देश जारी किया है। अभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों द्वारा क्रेडिट ब्यूरो को डेटा हर पखवाड़े या महीने में एक बार भेजा जाता है, लेकिन नए सिस्टम के लागू होने के बाद यह अपडेट हर हफ्ते अनिवार्य होगा।


किसे और कब भेजना होगा साप्ताहिक डेटा
नए प्रस्ताव के तहत बैंक, NBFC और अन्य ऋणदाता संस्थान क्रेडिट सूचना कंपनियों - सिबिल, एक्सपीरियन, क्रिफ हाई मार्क और इक्विफैक्स - को हर सप्ताह रिपोर्ट देंगे।
RBI ने रिपोर्टिंग की तय तारीखें भी बताई हैं:
- हर महीने की 7, 14, 21 और 28 तारीख
- माह के आखिरी दिन की कंप्लीट रिपोर्ट
इन तारीखों पर वित्तीय संस्थान पिछली रिपोर्टिंग के बाद हुए बदलावों का डेटा भेजेंगे।

कौन-कौन सा डेटा हर हफ्ते जाएगा
साप्ताहिक अपडेट में सिर्फ वही जानकारी भेजनी होगी जो पिछले अपडेट के बाद बदली है—
- लोन की EMI चुकाना
- नया लोन लेना
- क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान
- क्रेडिट लिमिट का उपयोग
- किसी खाते का बंद होना
वहीं, महीने के अंत में *सभी सक्रिय और हाल ही में बंद हुए खातों* की पूरी रिपोर्ट अनिवार्य होगी।
नया सिस्टम कब लागू होगा?
RBI ने इसके लिए 1 अप्रैल 2026 की संभावित तारीख तय की है। अंतिम दिशा-निर्देश जारी होने के बाद सभी बैंक और NBFC को अपना सिस्टम, डेटा-सिंक और रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क साप्ताहिक आवृत्ति अनुसार अपडेट करना होगा।

क्या होता है क्रेडिट स्कोर?
क्रेडिट स्कोर एक 3-अंकों का नंबर (300–900) होता है, जो आपकी उधारी और भुगतान आदतों के आधार पर आपकी क्रेडिट योग्यता बताता है।
स्कोर का दायरा और मतलब
- 750–900: बेहतरीन - लोन जल्दी मंजूर, ब्याज दर कम
- 700–749: अच्छा - ज्यादातर लोन मिल जाते हैं
- 650–699: औसत - अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा सकते हैं
- 550–649: कमजोर - ब्याज दर ज्यादा
- 300–549: बहुत खराब - लोन मिलना मुश्किल
उपभोक्ताओं को क्या फायदा होगा?
RBI का यह फैसला उपभोक्ताओं के लिए बेहद फायदेमंद है।
- EMI या क्रेडिट कार्ड बिल भरते ही उसका असर कुछ दिनों में स्कोर में दिखेगा
- स्कोर में सुधार तेज़ी से होगा
- नए लोन या क्रेडिट कार्ड की मंजूरी आसान होगी
- गलत डेटा को सुधारना और ट्रैक करना होगा आसान
- क्रेडिट प्रोफाइल पहले की तुलना में अधिक मजबूत दिखेगी
बैंकों और NBFC को क्या लाभ मिलेगा?
- उधारकर्ताओं का ताज़ा और सटीक क्रेडिट डेटा
- रिस्क अस्सेसमेंट और लोन अप्रूवल प्रक्रिया अधिक सुरक्षित
- भुगतान व्यवहार तुरंत ट्रैक होगा
- कर्ज चूक की संभावना कम
- धोखाधड़ी और गलत रिपोर्टिंग पर लगाम
पूरे वित्तीय सिस्टम के लिए क्यों महत्वपूर्ण?
साप्ताहिक रिपोर्टिंग से देश का क्रेडिट इकोसिस्टम अधिक पारदर्शी बनेगा।
- क्रेडिट स्कोरिंग की विश्वसनीयता बढ़ेगी
- डेटा में अंतर या गलत जानकारी की घटनाएं कम होंगी
- भारत का वित्तीय ढांचा वैश्विक मानकों के अनुरूप होगा
