NEET UG Paper Leak: नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड CBI के शिकंजे में, केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी गिरफ्तार;
पुणे से पकड़ा गया 'किंगपिन' पीवी कुलकर्णी; NTA की प्रश्नपत्र समिति का रह चुका है सदस्य
नई दिल्ली/पुणे (भदैनी मिरर): नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीआई ने इस पूरे पेपर लीक कांड के मुख्य सूत्रधार (Mastermind) की पहचान कर उसे पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम पीवी कुलकर्णी है, जो पेशे से केमिस्ट्री का लेक्चरर है। चौंकाने वाली बात यह है कि कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की उस समिति का हिस्सा रह चुका है, जो नीट का प्रश्नपत्र तैयार करती है।


घर पर ही चलाई 'स्पेशल कोचिंग', छात्रों को रटाए थे लीक हुए सवाल
सीबीआई की जांच में पता चला है कि कुलकर्णी ने पेपर लीक करने के लिए बेहद शातिर योजना बनाई थी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में उसने लातूर स्थित अपने आवास पर कुछ चुनिंदा छात्रों को इकट्ठा किया और उनके लिए 'स्पेशल कोचिंग' क्लास चलाई।
साजिश का तरीका: इस क्लास में कुलकर्णी ने छात्रों को नीट परीक्षा में आने वाले संभावित सवालों के सही उत्तर और विकल्प बोलकर नोट करवाए थे। 3 मई को जब नीट की परीक्षा हुई, तो छात्रों की नोटबुक में लिखे सवाल परीक्षा पत्र से हूबहू मेल खा रहे थे। इस काम में उसने मनीषा वाघमारे नामक महिला की मदद ली थी, जिसे सीबीआई 14 मई को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
लाखों रुपये लेकर 'सेटिंग', देशभर में CBI की छापेमारी
सीबीआई प्रवक्ता के अनुसार, इन विशेष कक्षाओं में शामिल होने के लिए प्रत्येक छात्र से कई लाख रुपये वसूले गए थे। जांच एजेंसी ने उन बिचौलियों की भी पहचान कर ली है, जो छात्रों को कुलकर्णी तक पहुंचाते थे। पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने देश के कई हिस्सों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है, जहां से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इन सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

अब तक 7 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड से उगलवाए जाएंगे राज
नीट पेपर लीक मामले में अब तक देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
-
गिरफ्तारी के स्थान: जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर।
-
ताजा अपडेट: मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी को पुणे कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।
इससे पहले, दिल्ली की एक अदालत ने अहिल्यानगर से गिरफ्तार आरोपी धनंजय निवृत्ति लोखंडे को 6 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने माना कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और अन्य शामिल लोगों की पहचान के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ जरूरी है।

