NEET UG Counselling 2026: MCC ने काउंसलिंग नियमों में किए 5 बड़े बदलाव
एनआरआई कोटा डाक्यूमेंट्स से लेकर सीट रिजाइन करने तक, अब सब कुछ होगा ऑनलाइन; जानें मेडिकल एडमिशन की पूरी अपडेट्स।
भदैनी मिरर डेस्क: मेडिकल में दाखिले का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी और राहत भरी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG और PG दाखिला प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने के लिए नए सत्र से काउंसलिंग नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।


केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राज्य काउंसलिंग अथॉरिटी (जैसे KEA) को इन नए दिशानिर्देशों की जानकारी दे दी गई है। नए नियमों का मुख्य उद्देश्य छात्रों का समय बचाना, कागजी कार्रवाई कम करना और अनावश्यक यात्रा से राहत दिलाना है।
1. अपग्रेडेशन के लिए अब कॉलेज रिपोर्टिंग की जरूरत नहीं
अब तक के नियमों के तहत अगर किसी छात्र को पहले राउंड में सीट मिलती थी और वह बेहतर कॉलेज के लिए 'Upgrade' का विकल्प चुनता था, तो भी उसे पहली सीट पर भौतिक रूप से (Physically) उपस्थित होकर रिपोर्टिंग करनी पड़ती थी।

नया नियम: अब यदि कोई अभ्यर्थी “Willing to Upgrade” का विकल्प चुनता है, तो उसे सिर्फ रिपोर्टिंग या औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आवंटित कॉलेज नहीं जाना होगा। काउंसलिंग सिस्टम में उसकी सीट तब तक सुरक्षित रहेगी जब तक कि अगले राउंड का परिणाम नहीं आ जाता।
2. ऑनलाइन माध्यम से दे सकेंगे सीट से इस्तीफा (Resignation)
यदि कोई छात्र अपनी आवंटित सीट छोड़ना चाहता है (जहां नियमों के तहत इसकी अनुमति हो), तो उसे अब कॉलेज के चक्कर नहीं काटने होंगे।

नया नियम: MCC ने पोर्टल पर ही ऑनलाइन रिजग्नेशन फैसिलिटी शुरू की है। अभ्यर्थी तय समय-सीमा के भीतर सीधे पोर्टल पर जाकर अपनी सीट से इस्तीफा दे सकते हैं।
3. NRI कोटा के दस्तावेज अब सीधे पोर्टल पर होंगे अपलोड
डीम्ड यूनिवर्सिटीज में NRI कोटा के तहत सीट का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी।
नया नियम: अब ऐसे सभी अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेज सीधे MCC के आधिकारिक काउंसलिंग पोर्टल पर ही ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
4. कॉलेजों और राज्यों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम
इन नए ऑनलाइन नियमों को बिना किसी तकनीकी बाधा के लागू करने के लिए MCC ने राज्यों के चिकित्सा शिक्षा निदेशालयों (DME) और मेडिकल कॉलेजों के लिए ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए हैं। हाल ही में 27 जुलाई को भी संस्थानों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया था।
एक नज़र में मुख्य बदलाव (Quick Overview)
| नए बदलाव | विवरण |
| अपग्रेडेशन रिपोर्टिंग | अपग्रेड का विकल्प चुनने पर कॉलेज जाना जरूरी नहीं। |
| सीट रिजग्नेशन | सीट छोड़ने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन। |
| NRI डॉक्यूमेंट्स | डीम्ड यूनिवर्सिटीज के लिए दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड होंगे। |
| ट्रेनिंग सत्र | राज्यों और कॉलेजों के अधिकारियों के लिए MCC की ओर से ट्रेनिंग। |
| फीस और सीट की जानकारी | छात्रों की सुविधा के लिए फीस स्ट्रक्चर पोर्टल पर उपलब्ध होगा। |
