
झारखंड: सुरक्षाबलों ने 10 लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को मुठभेड़ में किया ढेर
पश्चिमी सिंहभूम के गोईलकेरा में हुई मुठभेड़, घटनास्थल से SLR रायफल बरामद, पुलिस-कोबरा-CRPF का संयुक्त अभियान जारी

Updated: Sep 7, 2025, 11:20 IST

WhatsApp Group
Join Now
झारखंड, पश्चिमी सिंहभूम। सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र की आराहासा पंचायत के रेलापराल गांव स्थित बुरजूवा पहाड़ी पर रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 10 लाख के इनामी नक्सली और सब जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, चाईबासा एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि इस इलाके में नक्सलियों की गतिविधियां तेज हैं। सूचना पर पुलिस, कोबरा और सीआरपीएफ की टीम ने संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में नक्सली अमित हांसदा मारा गया।



घटनास्थल से एक SLR रायफल बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि अमित हांसदा संगठन का सब जोनल कमांडर था और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा ने भी मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बाकी नक्सली जंगल और पहाड़ी का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं। इलाके में सर्च अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन तेज कर दिया है।

गौरतलब है कि एक माह पूर्व भी इसी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें छत्तीसगढ़ का एक नक्सली मार गिराया गया था। लगातार हो रही इन सफलताओं से नक्सल संगठन पर बड़ा दबाव बना है।

