मेरठ का बहुचर्चित 'नीला ड्रम' केस: सौरभ की हत्या का सस्पेंस खत्म? जानिए किस तारीख को आएगा अदालत का बड़ा फैसला
पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल के गुनाह का होगा हिसाब; जिला जज की अदालत में अंतिम बहस पूरी, जानिए 30 सितंबर को क्या होगा...
मेरठ / भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश के मेरठ (ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र) के बहुचर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले 'नीले ड्रम' वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में अब फैसले की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जिला जज की अदालत में बृहस्पतिवार को इस पूरे मामले पर दोनों पक्षों की ओर से अंतिम बहस (Final Arguments) पूरी कर ली गई।

अदालत ने केस की बहस को क्लोज करते हुए फाइल को फैसले के लिए सुरक्षित रख लिया है। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में आगामी 30 सितंबर को अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
3 मार्च 2025 को नीले ड्रम में मिला था शव
यह खौफनाक मामला 3 मार्च 2025 को सामने आया था, जब सौरभ राजपूत का शव एक नीले ड्रम से बरामद हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में मृतक की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों आरोपी तब से ही सलाखों के पीछे बंद हैं।

अभियोजन पक्ष ने रखीं तमाम परिस्थितियां
सौरभ के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने बताया कि अभियोजन पक्ष ने जिला जज के समक्ष पूरे मामले का विवरण रखा। अदालत के सामने सौरभ की हत्या से जुड़े सभी साक्ष्यों, परिस्थितियों और मेडिकल रिपोर्ट को मजबूती से प्रस्तुत किया गया तथा डिफ़ेंस व कोर्ट के हर सवाल का जवाब दिया गया।

हाल ही में अदालत ने अभियोजन पक्ष के चार गवाहों को दोबारा बुलाने से जुड़े प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया था, जिसके बाद मामले में अंतिम बहस का रास्ता साफ हुआ था। अब पूरे प्रदेश की निगाहें 30 सितंबर को आने वाले इस ऐतिहासिक फैसले पर टिकी हुई हैं।
