लॉ कालेज में एकतरफा प्यार में छात्रा को मारकर खुद को गोली से उड़ाया
पंजाब के तरनतारन में सिरफिरे युवक ने दिया सनसनीखेज वारदात को अंजाम
कई दिनों से छात्रा को कर रहा था परेशान, पिस्टल लेकर पहुंचा क्लास में
पंजाब। पंजाब के तरनतारन में सिरफिरे युवक ने सोमवार को अपनी क्लासमेट को गोली मार दी और खुद को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह सनसनीखेज वारदात तरनतारन के गांव उसमां स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में सुबह सवा नौ बजे हुई है। महज दो सेकंड में दो गोलियां चलीं और कमरे में खून फैल गया। इस घटना से पूरे कॉलेज में सनसनी फैल गई। दरअसल लॉ के छात्र प्रिंसराज सिंह ने पहले अपनी क्लासमेट संदीप कौर को गोली मारी और फिर खुद को भी शूट कर दिया। आरोपी छात्र बैग में पिस्टल लेकर क्लासरूम में पहुंचा था। बताते हैं कि एतरफा प्यार में यह घटना हुई।


जानकारी के अनुसार आरोपी प्रिंसराज सिंह ने छात्रा संदीप कौर को एक दिन पहले फोन पर प्रपोज किया तो संदीप कौर ने उसे मना कर दिया था। सोमवार को कॉलेज खुलते ही प्रिंसराज सिंह ने दोबारा संदीप कौर को क्लासरूम में प्रपोज किया। छात्रा ने फिर से उसे मना किया तो तिलमिलाए प्रिंसराज सिंह ने बैग से पिस्टल निकाली और संदीप कौर के सिर पर गोली मार दी। महज दो सेकंड बाद प्रिंसराज ने खुद की कनपटी पर पिस्टल सटाक गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गांव उसमां के लॉ कालेज में नौशहरा पन्नूआं निवासी हीरा सिंह की बेटी संदीप कौर पढ़ाई करती थी। इसी कक्षा में गांव मलिया निवासी जगजीत सिंह का लड़का प्रिंसराज सिंह उक्त छात्रा को कई दिनों से तंग कर रहा था। छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। सात बेटियां हैं। इनमें से संदीप कौर लॉ की पढ़ाई करके जज बनना चाहती थी। बड़ी मेहनत से उसने अपनी बेटी का लॉ कालेज में दाखिला करवाया था। इस दौरान प्रिंसराज सिंह उसके घर में आकर लड़की को प्रेम का प्रस्ताव देता रहा। जो लड़की ने ठुकरा दिया।

रविवार को प्रिंसराज सिंह ने संदीप कौर को फोन पर दोबारा प्रपोज किया। छात्रा ने मना करके अपने परिवार को सारी जानकारी दी। सोमवार की सुबह सवा नौ बजे संदीप कौर क्लासरूम में अपनी सहेली के साथ बैंच पर बैठी थी। तभी प्रिंसराज आया व दोबारा प्रपोज करने लगा। छात्रा ने जब मना किया तो सिरफिरे आशिक ने पिस्टल निकालकर उसके माथे पर गोली मार उसे ढेर कर दिया। प्रिंसराज ने भी खुद की कनपटी पर गोली मारी। इस घटना के बाद कॉलेज प्रबंधक भी मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही डीएसपी जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। माई भागो लॉ कॉलेज में सिरफिरा आशिक पिस्टल लेकर कैसे पहुंचा, यह सवाल संदीप कौर के परिजनों ने उठाया। मां हरजिंदर कौर, बहन सुमनदीप कौर ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद वह मौके पर पहुंचे। लेकिन उन्हें 15 मिनट तक गेट बंद करके बाहर रखा गया। पुलिस ने कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

