मध्य प्रदेश : विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा का चुनाव रद्द, रामनिवास रावत होंगे विधायक
पूर्व मंत्री और भाजपा नेता हैं रामविलास रावत
उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार रामनिवास रावत को कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने दी थी मात
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया। पूर्व मंत्री व भाजपा नेता रामनिवास रावत ने याचिका दायर कर मुकेश मल्होत्रा पर चुनावी हलफनामे में आपराधिक रिकार्ड की जानकारी छुपाने का आरोप लगाया गया था। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी और तथ्यों को छिपाने को सही माना। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रहे रामनिवास रावत को दूसरे नंबर पर रहने के कारण विजयपुर से विधायक घोषित किया गया है।



आपको बता दें कि दरअसल, मध्यप्रदेश के विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे। उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार रामनिवास रावत को कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने मात दी थी। कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के बाद बीजेपी उम्मीदवार रामनिवास रावत कोर्ट गए और याचिका दायर की थी। याचिका में मुकेश मल्होत्रा पर चुनावी हलफनामे में आपराधिक रिकार्ड की जानकारी छुपाने का आरोप लगाया गया था। कहा गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने उपचुनाव के दौरान दाखिल नामांकन में अपने आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई। मल्होत्रा पर 6 आपराधिक मामले दर्ज थे और उन्होंने नामांकन में केवल 2 मामले ही बताए थे। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी और तथ्यों को छिपाने को सही माना।

हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने आदेश देते हुए मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया। कोर्ट ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में प्रत्याशी द्वारा आपराधिक पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी देना बहुत जरूरी है। इससे मतदाता को उम्मीदवार के बारे में सही जानकारी मिलती है, ताकि इसके आधार पर वे निर्णय ले सकें। मुकेश मल्होत्रा ने दो लंबित आपराधिक मामलों में आरोप तय होने की जानकारी छिपाई और आरोपों की प्रकृति भी गलत बताई। यह आचरण मतदाताओं को गुमराह करने वाला है। वहीं, मुकेश मल्होत्रा ने कार्यकाल शून्य घोषित किए जाने के बाद कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

