इंडिगो फ्लाइट की जबलपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में बिगड़ी थी यात्री की तबीयत; इलाज के दौरान तोड़ा दम
Indigo Flight Emergency Landing: अहमदाबाद से रांची जा रहे विमान को डुमना एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया, फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित था युवक
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार एक 29 वर्षीय युवक की तबीयत हवा में अचानक बेहद बिगड़ गई थी, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को जबलपुर में लैंड कराया। हालांकि, अस्पताल में तमाम प्रयासों के बाद भी युवक की जान नहीं बचाई जा सकी और देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


आसमान में अचानक होने लगी सांस लेने में तकलीफ
मिली जानकारी के अनुसार, रांची का रहने वाला 29 वर्षीय सुदीप कुमार गौनिश फेफड़ों (लंग्स) की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। वह अपनी बहन के साथ इलाज के सिलसिले में अहमदाबाद गया था और वहां से वापस लौट रहा था। शुक्रवार सुबह 11:15 बजे इंडिगो की एयरबस 320 फ्लाइट ने अहमदाबाद से रांची के लिए उड़ान भरी थी।

दुपट्ट दोपहर करीब एक बजे जब विमान जबलपुर के आसमान के ऊपर से गुजर रहा था, तभी सुदीप को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। युवक की हालत बिगड़ते देख उसकी बहन और सह-यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी केबिन क्रू को दी और आपातकालीन चिकित्सा की मांग की।
पायलट ने ATC से संपर्क कर दोपहर 1:01 बजे उतारा विमान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट के पायलट ने तुरंत जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही दोपहर 1 बजकर 01 मिनट पर विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया गया।

एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता: डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी ने बताया कि विमान के लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन कंपनी ने आनन-फानन में रनवे पर ही एम्बुलेंस बुलाई। सुदीप को तुरंत जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
50 मिनट तक एयरपोर्ट पर थमा रहा विमान
बीमार यात्री को अस्पताल भेजने और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद इंडिगो की इस फ्लाइट ने करीब 50 मिनट बाद जबलपुर से दोबारा रांची के लिए उड़ान भरी। इस दुखद घटना के बाद मृतक सुदीप के परिजन सड़क मार्ग से जबलपुर से रांची के लिए रवाना हो गए हैं।
