Movie prime
PMC_Hospital

झारखंड के रामगढ़ में NH-33 पर वाहन से टकराई स्कॉर्पियो, राजरप्पा मंदिर जा रहे बिहार के 13 श्रद्धालुओं की मौत

नालंदा जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे सभी मृतक, तीन महिलाएं भी शामिल

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

रांची (भदैनी मिरर): झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर शनिवार देर रात (रविवार तड़के) एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुज्जू चौकी क्षेत्र के पैकी इलाके के पास श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी पीड़ित बिहार के नालंदा जिले के एक ही गांव के निवासी थे और प्रसिद्ध राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे।

Ad

तड़के करीब 2 बजे हुआ हादसा 

रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) आलोक रंजन के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार तड़के करीब 2 बजे कुज्जू चौकी पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पैकी में हुई। बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे, जो रास्ते में आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

नालंदा के जंघारो गांव के रहने वाले थे सभी पीड़ित

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार ने बताया कि सभी मृतक और घायल बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव के निवासी थे। ये सभी परिवार व गांव के सदस्यों के साथ राजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। हादसे में घायल एकमात्र व्यक्ति का रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने सभी 13 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

सीएम हेमंत सोरेन ने व्यक्त की संवेदना

इस हृदयविदारक घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि रामगढ़ में पैकी गांव के पास NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।