फरीदाबाद में पत्नी और प्रेमी ने ही आटो चालक की हत्या कर शव रेल ट्रैक पर फेंका था
घटना के 60 दिन के बाद हुआ खुलासा, पत्नी अंजनी और प्रेमी रियाउल गिरफ्तार
झारखंड का रहनेवाला था सुमन, पश्चिम बंगाल का है प्रेमी रियाउल
पति को हो गई थी दोनों के अवैध सम्बंध की जानकारी तो रास्ते से हटाने के लिए बनाया खतरनाक प्लान
नई दिल्ली। फरीदाबाद में महिला अंजनी ने अवैध प्रेम के चलते अपने ही आटो चालक पति सुमन की बेरहमी से हत्या के 60 दिन के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। पता चला कि पति की हत्या उसकी ही पत्नी अंजनी और पश्चिम बंगाल के रहनेवाले उसके प्रेमी रियाउल ने किया था। इन दोनों में अवैध सम्बंध थे और इसकी जानकारी सुमन को हो गई थी। इसलिए उसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने सुमन को जमकर शराब पिलाया। फिर रेल ट्रैक पर ले जाकर सिर पत्थर से कूंचकर इस तरह से फेंका कि लोगों को लगे कि ट्रेन दुर्घटना में उसकी मौत हुई है।


सुमन मूलरूप से झारखंड का रहनेवाला था। पति की हत्या के बाद पत्नी भागकर झारखंड चली गई थी। जब उसे लगा कि मामला शांत हो गया है तो वह फरीदाबाद लौटी। लेकिन तबतक उसका राज खुल गया था। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। झारखंड के सुमन और अंजनी की शादी 15 साल पहले हुई थी। सुमन एक ऑटो चालक था और अपना आटो चलाकर परिवार को भरण-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं। फरीदाबाद में रहने के दौरान अंजनी और रियाउल में प्रेम सम्बंध हो गये। इस दौरान दोनों के सम्बंधों की सुमन को जानकारी होने लगी और वह विरोध करने लगा। इस बात को लेकर अंजनी और सुमन में विवाद होने लगा। अंजनी अपने प्रेमी रियाउल को पति से झगड़े की बात बताती रही। इसके बाद महिला ने प्रेमी संग मिलकर उसे रास्ते से हटाने के खतरनाक प्लान बनाया और दोनों कामयाब भी रहे।
आपको बता दें कि हरियाणा के फरीदाबाद स्थित मेवला महाराजपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर एक दिसंबर की सुबह क्षत-विक्षत शव मिला था। उस समय उसकी पहचान नही हो सकी। 18 जनवरी को झारखंड गोड्डा के मूल निवासी सन्नी ने पुलिस को अपने भाई 36 साल के सुमन के गुमशुदा होने की सूचना दी।

इस मामले में सूरजकुंड थाना में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने लाश दिखाई तो सन्नी ने हुलिए और कपड़े से अपने भाई सुमन के रूप में पहचान की। पुलिस और लोगों को पहले लगा कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। लेकिन भाई के शव की पहचान करने वाले सन्नी ने अपनी भाभी और उसके प्रेमी के बारे में पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस का शक गहरा गया। जांच में पता चला कि सुमन की पत्नी गायब है। फिर पता चला कि वह झारखंड चली गई हैं। इस पर पुलिस को शक अंजनी पर और गहरा गया। कई दिनों के बाद अंजनी झारखंड से लौटी तो पुलिस ने उसे और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों के अवैध सम्बंध की पुष्टि हुई। पता चला कि दोनों ने ही रास्ते से हटाने के लिए सुमन की हत्या की और उसके दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया था। रियाउल पश्चिम बंगाल के मालदा का रहनेवाला है। दोनों ने 30 नवंबर को सुमन को मेवला महाराजपुर इलाके में बुलाया। वहां साजिश के तहत उसे शराब पिलाई गई। फिर साथ मिलकर रेलवे ट्रैक के पास सुमन के सिर में पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। अपराध व शव की पहचान छुपाने के लिए मृतक का शव रेलवे ट्रैक पर रख दिया ताकि पहचान ना हो सके।

