ऑनर किलिंग : हल्दी लगाई, माथे पर सिंदूर लगाया और प्रेमी के शव के साथ कर ली शादी
महाराष्ट्र के नांदेड में सनसनीखेज वारदात, दूसरी जाति का था प्रेमी, पिता और भाई ने कर दी बेरहमी से हत्या
प्रेमिका आंचल ने जीवनभर मृत प्रेमी के घर ही रहने का कर लिया फैसला
पुलिस ने पिता और भाई समेत 6 के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, सभी आरोपित गिरफ्तार
नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड में ऑनर किलिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां आंचल नामक लड़की के घरवालों ने गुरुवार को उसके प्रेमी सक्षम ताटे की गोली मारकर और उसके सिर पर हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद प्रेमिका आंचल मृत प्रेमी सक्षम के घर पहुंची। वहीं पर उसने अपने माथे पर सिंदूर लगाकर जीवन भर मृतक सक्षम की पत्नी बनकर उसी के घर में रहने का फैसला ले लिया। नांदेड शहर के मिलिंद नगर के इतवारा पुलिस थाना क्षेत्र में यह घटना गुरुवार शाम हुई थी।




जानकारी के अनुसार आंचल और सक्षम ताटे एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों अलग-अलग जाति के थे। आंचल के भाई और पिता को पता चला कि आंचल दूसरी जाति के लड़के सक्षम ताटे से शादी करने जा रही है, तो वह आग बबूला हो गये। इसके बाद पिता और भाई ने पहले सक्षम को बेरहमी से पीटा। फिर सिर में गोली मारी दी। खून के प्यासे पिता और भाई को जब इतने से भी संतोष नही हुआ तो उन्होंने उसके सिर को पत्थर से कुचल दिया। यह हत्या भी इतनी निर्दयता से की गई थी कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल देखकर दंग रह गई। जब आंचल को प्रेमी की बेरहमी से हत्या की खबर लगी तो वह प्रेमी के घर पहुंच गई। अंतिम संस्कार से पहले उसने सक्षम के शव के साथ खुद को हल्दी लगाई और माथे पर सिंदूर लगाया और शादी कर ली। साथ ही सक्षम के घर में रहने का फैसला भी कर लिया।

बताते हैं कि पिछले तीन साल से सक्षम और आंचल एक-दूसरे से प्रेम करते थे। सक्षम, आंचल के भाई का दोस्त था। घर पर आने-जाने के दौरान दोनों करीब आए थे। जब भाई को बहन से सक्षम के रिश्ते की भनक लगी तो विरोध शुरू हो गया। सक्षम दूसरी जाति से था इसलिए परिवार ने आंचल और समक्ष को कई बार धमकाया। मगर आंचल प्रेमी सक्षम का साथ छोड़ने को तैयार नही थी। अब इस मामले में आंचल ने अपने प्रेमी के हत्यारों को फांसी की सज़ा की मांग की है। आंचल ने कहाकि मेरे सक्षम ने मेरा प्यार जीत लिया। मरकर भी वह जीत गया और मेरे पिता-भाई हार गए। इस मामले में पुलिस ने पिता और भाई समेत छह आरोपितों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। नांदेड़ ही नही अब इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

