
भारत-पाक सीमा पर फायरिंग में हिमाचल का जवान शहीद, राजौरी में तैनात थे सूबेदार मेजर, CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक




Operation Sindoor : भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में की गई एयर स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान बुरी तरह बौखलाया हुआ है। बीते चार दिनों से वह ड्रोन, मिसाइल और रॉकेट से लगातार हमले कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने अचानक भारी गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें हिमाचल प्रदेश के एक जांबाज़ सैनिक सूबेदार मेजर पवन कुमार वीरगति को प्राप्त हो गए।

अंतिम समय तक डटे रहे मोर्चे पर
कांगड़ा जिले के शाहपुर कस्बे के रहने वाले पवन कुमार 25 पंजाब रेजिमेंट में तैनात थे। जब दुश्मन की ओर से अचानक गोलियां बरसनी शुरू हुईं, तो पवन कुमार ने अपने साथियों के साथ डटकर मुकाबला किया। इसी दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे वीरगति को प्राप्त हो गए।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सूबेदार मेजर पवन कुमार के परिवार को सुबह 9 बजे सेना की ओर से यह दुखद खबर दी गई। सूचना मिलते ही पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पवन अपने पीछे पत्नी, बेटा-बेटी, माता और पिता को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके पिता गरज सिंह भी सेना में हवलदार रह चुके हैं।

रिटायरमेंट से पहले ही हो गए अमर
पवन कुमार महज दो-तीन महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उन्होंने अपनी अंतिम सांस भी वर्दी में, देश की रक्षा करते हुए ली। यह शहादत एक सैनिक के कर्तव्य और समर्पण का प्रमाण है।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजौरी में हुई मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "जिला कांगड़ा के शाहपुर निवासी वीर जवान पवन कुमार के शहीद होने का समाचार बेहद पीड़ादायक और दिल को झकझोर देने वाला है। उनका बलिदान देश के लिए एक अमिट मिसाल है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।"
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं पवन कुमार के परिजनों के साथ हैं। पूरा प्रदेश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।"
पार्थिव शरीर जल्द पहुंचेगा गांव
शाहपुर नगर पंचायत के पार्षद शुभम ने बताया कि फिलहाल राजौरी में शहीद का पोस्टमॉर्टम चल रहा है। आज रात या कल सुबह तक उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रशासन कर रहा संपर्क
शाहपुर के एसडीएम करतार चंद ने जानकारी दी कि शहीद की पुष्टि परिजनों से हुई है और अब यूनिट से भी अधिक जानकारी मांगी जा रही है। प्रशासन परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया है।

