‘मेरा भोला है भंडारी’ फेम सिंगर हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर ₹15 लाख की डिमांड
हंसराज रघुवंशी से खुद को भाई बताने वाला आरोपी राहुल नागड़े निकला ठग; उज्जैन निवासी युवक ने गायक के परिवार का भरोसा जीतकर मांगे 15 लाख, न देने पर दी गैंगस्टर नाम से धमकियां
मोहाली/उज्जैन। ‘मेरा भोला है भंडारी’ जैसे सुपरहिट भजन से चर्चित हुए सिंगर हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी राहुल कुमार नागड़े ने खुद को उनका छोटा भाई बताकर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग के नाम पर उनसे ₹15 लाख की रंगदारी मांगी। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने हंसराज और उनके परिवार को मारने की धमकियां दीं। इस मामले में मोहाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(2), 308(5) और आईटी एक्ट 67 के तहत एफआईआर दर्ज की है।


उज्जैन में हुई थी पहली मुलाकात
शिकायत के अनुसार, हंसराज की मुलाकात आरोपी राहुल नागड़े से पहली बार उज्जैन के महाकाल मंदिर में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। वहां से दोनों की जान-पहचान बढ़ी और राहुल ने खुद को गायक का ‘छोटा भाई’ बताना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसने हंसराज के परिवार और टीम का भरोसा जीत लिया और उनके करीब पहुंच गया।

भरोसा जीतकर बनाया ‘राहुल रघुवंशी’ अकाउंट
राहुल ने सोशल मीडिया पर ‘राहुल रघुवंशी’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और लोगों के बीच खुद को हंसराज का सगा भाई बताने लगा। उसने हंसराज से कहकर उस अकाउंट को फॉलो भी करवाया, जिससे उसकी बातों पर यकीन और बढ़ गया।
वर्ष 2023 में हंसराज रघुवंशी की शादी में भी राहुल शामिल हुआ और वहां से परिवार की कई तस्वीरें और कॉन्टैक्ट डिटेल्स हासिल कर लीं। इसके बाद उसने ऑर्गनाइजर्स और फैन्स से पैसे वसूलने और महंगे गिफ्ट लेने का सिलसिला शुरू किया।

₹15 लाख की मांग और गैंग के नाम पर धमकी
जैसे ही हंसराज और उनकी पत्नी कोमल सकलानी को आरोपी की करतूतों का पता चला, उन्होंने उसे सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। इसके बाद राहुल का व्यवहार आक्रामक हो गया। उसने फोन और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए लगातार धमकियां देना शुरू कर दीं।
राहुल ने दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग से जुड़ा है और अगर ₹15 लाख नहीं दिए गए तो वह गायक और उनके परिवार की हत्या कर देगा। आरोपी ने सोशल मीडिया पर गायक की छवि खराब करने वाली पोस्टें भी शेयर कीं।
FIR दर्ज, जांच जारी
हंसराज रघुवंशी की शिकायत पर मोहाली पुलिस ने मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी राहुल कुमार नागड़े के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। अधिकारीयों के मुताबिक, आरोपी ने कई लोगों को हंसराज के नाम पर ठगने की कोशिश की है।
