बिसलेरी पानी की गुणवत्ता पर FSSAI का स्पष्टीकरण, केवल एक पुराने बैच पर लगी थी रोक; भ्रामक विज्ञापनों पर सख्ती जारी
गोवा प्लांट में सितंबर 2025 में बने बैच GO 270 के एक सैंपल में मिले थे PAHs, कंपनी का दावा—बाजार में अब इस बैच का स्टॉक नहीं; अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड विज्ञापनों पर FSSAI CEO का बयान
नई दिल्ली (भदैनी मिरर)। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) और कंपनी दोनों की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। FSSAI ने एक विशिष्ट बैच के सैंपल में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) मिलने के मामले में दोबारा जांच की जानकारी दी है। वहीं, बिसलेरी इंटरनेशनल ने स्पष्ट किया है कि बिक्री पर रोक केवल सितंबर 2025 में बने एक पुराने बैच तक सीमित है, जिसका कोई भी स्टॉक अब बाजार में उपलब्ध नहीं है।

क्या है बैच GO 270 का पूरा मामला?
बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने आधिकारिक बयान में 23 नवंबर 2026 को FSSAI की ओर से जारी स्पष्टीकरण का स्वागत किया। कंपनी के अनुसार, यह पूरा प्रकरण गोवा प्लांट में 27 सितंबर 2025 को निर्मित बैच GO 270 के एक सैंपल से जुड़ा है, जिस पर नियामक ने स्पष्टीकरण मांगा था। कंपनी ने बताया कि वह प्रतिवर्ष 50 हजार से अधिक बैच तैयार करती है और बिक्री पर रोक केवल इसी एक बैच पर लागू की गई थी, जो अब बाजार में मौजूद नहीं है।
दोबारा जांच में सामने आए ये तथ्य
कंपनी के विवरण के मुताबिक, एक ही जल स्रोत से कुल छह सैंपल लिए गए थे और शुरुआती परीक्षण में सभी छह सैंपल मानकों पर खरे उतरे थे। बाद में हुई दोबारा जांच में बैच GO 270 के एक सैंपल में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर PAHs की मात्रा पाई गई, जबकि उसी बैच का दूसरा सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर पूरी तरह सही पाया गया। इस तकनीकी अंतर को देखते हुए बिसलेरी ने फरवरी 2026 में पुनः जांच का अनुरोध किया था।
बयान में यह भी जानकारी दी गई है कि FSSAI की दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली है। बिसलेरी ने अपने देशभर के सभी 143 प्लांट में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने तथा नियामक संस्था के साथ निरंतर सहयोग करने की बात दोहराई है।
भ्रामक विज्ञापनों और सेलिब्रिटी प्रचार पर FSSAI CEO का रुख
इस बीच, FSSAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रजित पुनहानी ने पानी की गुणवत्ता की निगरानी के साथ-साथ भ्रामक विज्ञापनों और सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की ओर से भ्रामक दावों और विज्ञापनों के विरुद्ध लगातार कदम उठाए जा रहे हैं, हालांकि ऐसे मामले कई बार व्याख्या और कानूनी दलीलों के दायरे में भी आते हैं।
पान मसाला विज्ञापनों के संदर्भ में पुनहानी ने बताया कि महाराष्ट्र ने इस विषय को अपने स्तर पर संज्ञान में लिया है, जबकि FSSAI मुख्य रूप से अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड के विज्ञापनों से जुड़े सेलिब्रिटीज के मामलों पर काम कर रहा है। उनके अनुसार, इस सख्ती का सकारात्मक असर देखने को मिला है और कई सेलिब्रिटीज ने संबंधित विज्ञापनों से खुद को अलग कर लिया है।
