रक्षाबंधन पर धामी सरकार का बड़ा तोहफा: उत्तराखंड में 28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में सफर रहेगा बिल्कुल मुफ्त
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर नहीं लगेगा कोई किराया; शासन ने जारी किए आदेश, राज्य सरकार करेगी खर्च की भरपाई
देहरादून(भदैनी मिरर न्यूज़):पवित्र पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार के फैसले के अनुसार, प्रदेश की बहनें 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) की साधारण बसों में राज्य की सीमाओं के भीतर बिल्कुल मुफ्त (निःशुल्क) यात्रा कर सकेंगी।


इन दोनों दिनों में महिलाओं से किसी भी प्रकार का बस किराया नहीं वसूला जाएगा। शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
सुगम और सुरक्षित सफर के साथ मिलेगी आर्थिक राहत

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने मायके या रिश्तेदारों के घर जाती हैं। उत्तराखंड एक पर्वतीय राज्य है, जहां दूरी और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई बार महिलाओं को यात्रा करने और अगले दिन वापस लौटने में समय लगता है।


सरकार के इस फैसले से बहनों को दो दिनों तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे न केवल उनका सफर सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि उन्हें आर्थिक राहत भी मिलेगी। यह सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य की सीमाओं के भीतर संचालित होने वाली परिवहन निगम की बसों पर ही लागू होगी।
राज्य सरकार वहन करेगी अतिरिक्त खर्च
उत्तराखंड शासन की अपर सचिव रीना जोशी द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, महिलाओं को दो दिनों तक मुफ्त यात्रा कराने से परिवहन निगम को होने वाले अतिरिक्त वित्तीय नुकसान या व्ययभार की पूरी भरपाई राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
परिवहन विभाग ने आदेश जारी होते ही निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बस अड्डों और रूटों पर इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि त्योहार के दौरान महिलाओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
