चीन-पाकिस्तान की बढ़ेगी चिंता; जल्द एयरफोर्स में शामिल होगा LCA-Mk-1A
आसमान में गूंजेगी स्वदेशी ताकत की दहाड़, चालू वित्त वर्ष के भीतर सेवा में होगा शामिल
नई दिल्ली (भदैनी मिरर ब्यूरो): भारतीय वायुसेना (IAF) की ताकत में जल्द ही एक और बड़ा इजाफा होने जा रहा है। वायुसेना अपनी फाइटर फ्लीट को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बहुप्रतीक्षित स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान LCA-Mk-1A के जल्द ही वायुसेना बेड़े में शामिल होने की पुष्टि की गई है।

हाल ही में एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने स्पष्ट किया कि स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए-एमके-1ए को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर भारतीय वायुसेना की सेवा में शामिल कर लिया जाएगा। 31 अक्टूबर को वायुसेना प्रमुख का पद संभालने के बाद से ही उन्होंने देश में बने तेजस, एलसीए एमके-1ए, एलसीए एमके-2 और एएमसीए (AMCA) जैसे स्वदेशी प्रोजेक्ट्स को अपने आधुनिकीकरण अभियान के केंद्र में रखा है।
जल्द मिलेगा पहला स्क्वॉड्रन
एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कहा, "इस वित्तीय वर्ष में हमारे पास एलसीए एमके-1ए होगा और हमारे पास इसका एक पूरा स्क्वॉड्रन होगा। इसके बाद भी हमारा सफर थमेगा नहीं।" उन्होंने बताया कि केवल एमके-1ए ही नहीं, बल्कि अगले साल LCA-Mk-2 भी रोल आउट किया जाएगा। इसके अलावा, देश के महत्वाकांक्षी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम के लिए भी तेजी से काम चल रहा है।
वायुसेना प्रमुख के मुताबिक, किसी लड़ाकू विमान का खुद डिजाइन तैयार करना, उसका विकास करना, टेस्टिंग करना और फिर स्वदेशी क्षमता के साथ उसका उत्पादन करना एक बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे दुनिया के चुनिंदा देशों ने ही हासिल किया है। वर्तमान में वायुसेना लड़ाकू विमानों की कुछ कमी से जूझ रही है, ऐसे में स्वदेशीकरण को बढ़ावा देना और बेड़े को जल्द से जल्द मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मिग-21 की लेंगे जगह, एचएएल के साथ हुआ है बड़ा सौदा
LCA-Mk-1A को तुरंत एक्शन में लाना वायुसेना के लिए बेहद अहम है क्योंकि इस विमान को लेकर पिछली कुछ डेडलाइन मिस हो चुकी हैं। यह नया फाइटर जेट मिग-21 (MiG-21) की जगह लेगा, जो पिछले साल छह दशक से अधिक की ऐतिहासिक सेवा के बाद रिटायर हो चुके हैं। भारतीय वायुसेना ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ 180 एमके-1ए फाइटर जेट्स के लिए लगभग 1.1 लाख करोड़ रुपये के दो बड़े ऑर्डर दिए हैं।
चीन की चुनौतियों से निपटने की तैयारी
पड़ोसी देशों की चालबाजियों और खासकर चीन से मिल रही चुनौतियों को देखते हुए भारत अपनी रक्षा तैयारियों को लगातार धार दे रहा है। चीन पहले ही अपने पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान जे-20 (J-20) को तैनात कर चुका है और अब जे-35 (J-35) स्टेल्थ फाइटर भी लॉन्च कर रहा है।
इसे देखते हुए एलसीए एमके-2 प्रोग्राम पर भी तेजी से काम चल रहा है। एचएएल ने इसका एयरफ्रेम तैयार कर लिया है और अगले साल मार्च तक पहली ग्राउंड रन तथा साल के अंत तक पहली उड़ान की उम्मीद है। एमके-2 विमान भविष्य में मिराज 2000, मिग-29 और जगुआर जैसे विमानों की जगह लेगा। स्वदेशी हथियारों और विमानों के दम पर भारतीय वायुसेना आने वाले दिनों में और अधिक अजेय बनने की दिशा में अग्रसर है।
