गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार के नये मंत्रीमंडल का शपथग्रहण, हर्ष संघवी उप मुख्मंत्री
मंत्रिमंडल में क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा भी, 19 नये चेहरों को मिली जगह
16 मंत्रियों से कल लिया गया था इस्तीफा, शुक्रवार को 26 मंत्रियों को दिलाई गई शपथ
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव, मिशन 2027
गुजरात। गुजरात में भाजपा ने 3 साल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा लगभग पूरी सरकार ही बदल दी। पार्टी ने गुरुवार को 16 मंत्रियों से इस्तीफा लिया और शुक्रवार को 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई। नयी कैबिनेट में 19 नए चेहरे शामिल किये गये हैं। इस नये मंत्रिमंडल में पिछली बार के 6 मंत्री ही अपना पद कायम रख पाए हैं। यह बदलाश गुजरात में वर्ष 2027 में होनेवाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर किया गया बताया जा रहा है। क्योंकि मंत्रिमंडल से हटाए गए मंत्रियों पर न तो कोई आरोप था और न कोई कानूनी केस।



भूपेंद्र पटेल के नये मंत्रीमंडल में गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इसी के साथ पटेल मंत्रिपरिषद में शामिल कुल नेताओं की संख्या 26 हो गई। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों के साथ-साथ उन नेताओं को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और राज्य मंत्रियों से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। साथ ही कांग्रेस की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने राज्य कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। मोढवाडिया अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।

उप मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले हर्ष संघवी, भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल का हिस्सा रहे। पांच अन्य विधायक मंत्रिपरिषद में बने हुए हैं। पिछले मंत्रिमंडल के सभी 16 मंत्रियों ने बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया था लेकिन छह मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री ने स्वीकार नहीं किए थे। इन छह में से तीन - कनुभाई पटेल, ऋषिकेश पटेल और कुंवरजी बावलिया पहले कैबिनेट मंत्री थे। संघवी, प्रफुल्ल पानसेरिया और पुरुषोत्तम सोलंकी राज्य मंत्री रहे। इनमें से केवल संघवी और पानसेरिया ने शुक्रवार को दोबारा शपथ ली।

माना जा रहा है कि बीजेपी का यह कैबिनेट फेरबदल मिशन 2027 के लिहाज से किया गया है। राज्य में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की विस्तारवारदी सोच और जातिगत समीकरण के आधार पर नये मंत्रिमंडल का गठन किया गया है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नए समीकरणों को परखने की भी कोशिश करेगी। यह इसलिए भी जरूरी हो गया था कि युवा नेता गोपाल इटालिया के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी, भाजपा के पाटीदार गढ़ में अपनी पैठ बढ़ा रही है.
यह बने गुजरात सरकार के नये मंत्री
नए मंत्रिमंडल में भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा भी हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा त्रिकम बिजल छंगा, प्रवीण माली, पीसी बरंडा, कांतिलाल अमृतिया, स्वरूपजी सरदारजी ठाकोर, ऋषिकेश पटेल, दर्शना वाघेला, कुंवरजीभाई बावलिया, रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्न वाजा, कौशिक वेकारिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघाणी, रमण सोलंकी, कमलेश पटेल, संजय सिंह महीडा, रमेश कटारा, हर्ष संघवी, मनीषा वकील, ईश्वर सिंह पटेल और प्रफुल पानसेरिया का नाम है।
