Bengaluru Zomato Viral Video: 'हिंदी सीखो या नौकरी छोड़ो', जोमैटो मैनेजर की फरमान पर बवाल
कर्नाटक के नेलमंगला स्थित जोमैटो वेयरहाउस में भाषा विवाद; कर्मचारियों को हिंदी बोलने का दबाव बनाने वाले आंध्र प्रदेश के शिफ्ट मैनेजर के खिलाफ FIR, विरोध के बाद मांगी माफी।
भदैनी मिरर नेशनल डेस्क: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास मदनयाकनहल्ली (नेलमंगला) स्थित जोमैटो (Zomato) वेयरहाउस से एक नया भाषा विवाद सामने आया है। एक आधिकारिक मुद्दे पर बहस के दौरान शिफ्ट मैनेजर ने स्थानीय कर्मचारियों से कहा कि यदि वे उनके साथ काम करना चाहते हैं तो उन्हें हिंदी सीखनी होगी, वरना वे नौकरी छोड़कर जा सकते हैं।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कन्नड़ समर्थक संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कर्मचारियों ने कहा 'कन्नड़ में बात करो', मैनेजर बोला 'हिंदी सीखो'
जानकारी के अनुसार, मामला पिछले सप्ताह का है। आंध्र प्रदेश के मल्लापल्ली निवासी 31 वर्षीय अशोक मुत्तय्या नेलमंगला में जोमैटो द्वारा किराए पर लिए गए वेयरहाउस में शिफ्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत है।
काम के सिलसिले में जब उसने कुछ कर्मचारियों को डांटा, तो कर्मचारियों ने उससे कन्नड़ में बात करने को कहा क्योंकि उन्हें उसकी भाषा समझ नहीं आ रही थी। इस पर अशोक भड़क गया और उसने कहा कि उसे कन्नड़ नहीं आती और वह सिर्फ हिंदी जानता है।
-
वायरल वीडियो में क्या है: मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने इस बहस को कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो में मैनेजर अशोक मुत्तय्या कहते हुए सुनाई दे रहा है— "अगर आप सभी (कर्मचारी और स्टाफ) मेरे साथ काम करना चाहते हैं, तो हिंदी सीखें। नहीं तो आप छोड़कर जा सकते हैं, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।"
कन्नड़ संगठनों का भारी विरोध, पुलिस ने दर्ज किया सुओ मोटो केस
रविवार को जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, स्थानीय कन्नड़ कार्यकर्ता और संगठन एकजुट होकर मदनयाकनहल्ली स्थित जोमैटो वेयरहाउस के बाहर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मैनेजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मदनयाकनहल्ली थाना पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए आरोपी मैनेजर अशोक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
विवाद के बाद बैकफुट पर आया मैनेजर, मांगी माफी
पुलिसिया कार्रवाई और स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद शिफ्ट मैनेजर अशोक मुत्तय्या बैकफुट पर आ गया और उसने अपने बयान पर सार्वजानिक रूप से माफी मांग ली।
कर्नाटक में कार्यस्थल पर भाषा को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन जोमैटो वेयरहाउस की इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर भाषा विवाद और क्षेत्रीय पहचान की बहस को गरमा दिया है।
