अलर्ट! 1 जुलाई से बदलने जा रहे हैं पैसों से जुड़े ये 9 जरूरी नियम, आम आदमी की जेब और बजट पर होगा सीधा असर
आधार अपडेट से लेकर महंगे पासपोर्ट और रेलवे जुर्माने तक... नए महीने की शुरुआत से पहले जान लें ये महत्वपूर्ण बदलाव
नई दिल्ली (भदैनी मिरर डेस्क): नया महीना अपने साथ कई बड़े प्रशासनिक और वित्तीय बदलाव लेकर आ रहा है। 1 जुलाई 2026 से देश में पैसों और आपके दैनिक जीवन से जुड़े 9 महत्वपूर्ण नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आपके बैंक अकाउंट, बजट और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ने वाला है। किसी भी तरह के नुकसान से बचने और अपने पैसों का सही मैनेजमेंट करने के लिए इन नियमों को पहले ही जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है।


आइए जानते हैं भदैनी मिरर की इस रिपोर्ट में कि 1 जुलाई से आपकी जिंदगी में क्या-क्या बदलने जा रहा है:
1. आधार कार्ड में मुफ्त ईमेल अपडेट कराने का शानदार मौका
आधार कार्ड धारकों के लिए यूआईडीएआई (UIDAI) ने एक बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल आईडी लिंक या अपडेट कराना पूरी तरह मुफ्त होगा।

-
कितनी होगी बचत: अभी तक इसके लिए 75 रुपये (GST सहित) देने पड़ते थे। अगले 6 महीने तक यह चार्ज नहीं लगेगा।
2. पासपोर्ट बनवाना अब होगा काफी महंगा (लगेगी ज्यादा फीस)
अगर आप विदेश यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं, तो अब आपको जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत फीस बढ़ा दी है:
-
36 पेज (नॉर्मल): ₹1500 की जगह अब ₹2500 लगेंगे।
-
36 पेज (तत्काल): ₹3500 की जगह अब ₹5000 लगेंगे।
-
60 पेज (नॉर्मल): अब इसकी फीस ₹3500 होगी।
-
60 पेज (तत्काल): अब इसके लिए ₹6000 देने होंगे।
3. मिस-सेलिंग पर RBI सख्त; बैंक को लौटाना होगा पूरा पैसा
बैंक ग्राहकों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 1 जुलाई से 'रिस्पॉन्सिबल बिजनेस कंडक्ट' का नया ढांचा लागू कर रहा है। अगर कोई बैंक कर्मचारी या एजेंट आपको गुमराह करके गलत इंश्योरेंस पॉलिसी या फाइनेंशियल प्रोडक्ट बेचता है (मिस-सेलिंग), तो शिकायत सही पाए जाने पर बैंक को ग्राहक का पूरा पैसा वापस करना होगा और नुकसान का मुआवजा भी देना होगा।

4. रेलवे में सफर के नियम सख्त, दोगुना हुआ मिनिमम जुर्माना
जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे परिसर और ट्रेनों में सफर के दौरान लापरवाही या नियम तोड़ना भारी पड़ेगा:
-
बिना टिकट यात्रा: न्यूनतम जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 किया जा रहा है।
-
अवैध वेंडिंग/भीख मांगना: रेलवे परिसर में बिना लाइसेंस सामान बेचने या भीख मांगने पर ₹2,000 तक की पेनल्टी लग सकती है।
-
खतरनाक सामान ले जाना: ट्रेन में प्रतिबंधित या खतरनाक सामान ले जाने पर कम से कम ₹10,000 का जुर्माना और गंभीर मामलों में जेल भी हो सकती है।
5. SBI और HDFC क्रेडिट कार्ड के नियमों में फेरबदल
-
SBI कार्ड: 'PhonePe SBI Credit Card' (PURPLE और SELECT BLACK) के रिवॉर्ड पॉइंट्स अर्निंग की सीमा तय की जा रही है। कुछ ट्रांजैक्शंस पर अब रिवॉर्ड नहीं मिलेंगे।
-
HDFC कार्ड: डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज के 3 फ्री विजिट का लाभ अब तभी मिलेगा, जब आपने पिछली तिमाही में कम से कम ₹60,000 खर्च किए हों।
6. ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख का काउंटडाउन
टैक्सपेयर्स के लिए वित्त वर्ष 2025-26 का इनकम टैक्स रिटर्न (ITR 1 और ITR 2) भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय है। इसके बाद रिटर्न फाइल करने पर भारी जुर्माना लगेगा और आप अपनी पसंद का टैक्स रेजिम (Tax Regime) भी नहीं चुन पाएंगे।
अन्य महत्वपूर्ण बदलाव जिन पर रहेगी नजर
-
7. LPG सिलेंडर की कीमतें: हर महीने की पहली तारीख की तरह 1 जुलाई को भी तेल कंपनियां रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी। ग्लोबल मार्केट के उतार-चढ़ाव का असर दामों पर दिख सकता है।
-
8. फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) ब्याज दरें: आरबीआई की मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद कई बैंक अपनी एफडी (FD) दरों में बदलाव कर सकते हैं। नई एफडी कराने से पहले ताजा दरें जरूर चेक कर लें।
-
9. पेट्रोल-डीजल और एटीएफ (ATF) की कीमतें: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी हलचल के बीच तेल कंपनियां पेट्रोल, डीजल और हवाई ईंधन (ATF) के दामों की समीक्षा करेंगी, जिसका असर सीधे तौर पर ट्रांसपोर्ट और हवाई सफर की लागत पर पड़ेगा।
भदैनी मिरर की सलाह: 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले ये नियम सीधे तौर पर आपकी वित्तीय स्थिति को प्रभावित करेंगे। समय रहते अपने वित्तीय काम निपटाएं और आधार अपडेट जैसी मुफ्त सुविधाओं का लाभ उठाएं।
