
Ahmedabad plane crash: सभी 242 जिंदगियां खत्म, अस्पताल के हास्टल से छह शव बरामद
लुधियाना उपचुनाव में प्रचार कर लौटे से पूर्व सीएम विजय रूपाणी, मृतकों के परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़




अहमदाबाद। अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश की घटना में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी एपी ने गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से यह जानकारी दी। घटनास्थल, अस्पताल और आसपास के हालत बेहद हृदयविदारक हैं। एकसाथ इतनी संख्या में लोगों की मौत से उनके परिजनों, रिश्तेदारों में कोहराम मचा है। इनमें कई शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान का संकट खड़ा हो गया है।
एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।


हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने एक्स पर यह जानकारी दी, लेकिन बाद में उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी। विजय रूपाणी 3 दिन पहले लुधियाना से लौटे थे। वहां उपचुनाव में प्रचार किया। तीन साल से पंजाब-चंडीगढ़ भाजपा के प्रभारी थे। दूसरा यह कि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की 4 बिल्डिंग से टकराया था। उसमें रेजिडेंट डॉक्टर रहते थे। घटना के दौरान हॉस्टल में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद थे। उस समय ज्यादातर मेस में लंच कर रहे थे। धमाके का असर इतना था कि अंदर मौजूद डॉक्टरों के शव भी टुकड़ों में बिखर गए। वहां से भी 6 शव बरामद होने की खबर है। घटनास्थल पर ज्यादातर शव बुरी तरह झुलस चुके थे, उन्हें पहचानना मुश्किल था। अब इनमें डीएनए टेस्ट से ही उनकी पहचान हो सकती है। राहत कार्य के दौरान शवों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल लाते समय स्ट्रेचर कम पड़े गये थे। ऐसे में हाथ ठेले से शव ले जाया गया। अस्पताल में ओ निगेटिव ब्लड की कमी हो गई थी।


बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान को लेकर उठते रहे सवाल
बोइंग का 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अपनी फ्यूल एफिशिएंसी और आरामदायक सफर के लिए जाना जाता है। हालांकि इसकी सेफ्टी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसमें खामियां सामने आने के बाद दुनियाभर में इसकी फ्लीट के उड़ान भरने पर 3 महीने के लिए रोक लगा दी गई थी।

2020 में भी हुआ था प्लेन क्रैश
आपको बता दें कि केरल के कोझिकोड में 7 अगस्त 2020 को एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया था। इसमें 21 यात्रियों की मौत हुई थी, जबकि 110 लोग घायल हुए थे। इसमें कोरोना के दौरान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारतीयों को लाया जा रहा था।

